हैवानियत की हद: युवक को अगवा कर गोलियों से किया छलनी, फिर आंखों में डाल दिया तेजाब
वर्चस्व को लेकर अपराधियों ने नावकोठी थाना क्षेत्र के समसा गांव निवासी सहदेव महतो के 40 वर्षीय पुत्र तुलसी महतो की हत्या कर दी। हत्या के बाद आंखों में तेजाब डाल दिया।
बेगूसराय, जेएनएन। वर्चस्व को लेकर अपराधियों ने नावकोठी थाना क्षेत्र के समसा गांव निवासी सहदेव महतो के 40 वर्षीय पुत्र तुलसी महतो की हत्या कर दी। हत्या के बाद आंखों में तेजाब डाल अपराधियों ने शव डंडारी व नावकोठी थाने के सीमावर्ती क्षेत्र के तुरकिया बहियार मोइन नदी के बांध के किनारे फेंक दिया। शनिवार को सुबह उसका हाथ-पैर बंधा शव मिला।
पुलिस को समसा के पूर्व मुखिया के पुत्र के अपहरण मामले में तुलसी महतो की तलाश थी। पत्नी क्रांति देवी ने बमबम महतो, बिनोद महतो, रणवीर महतो, छोटू महतो, अमरजीत महतो व रंजीत महतो के खिलाफ अपहरण व हत्या की प्राथमिकी कराई है। नावकोठी थानाध्यक्ष शशि कुमार व डंडारी थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच जांच की।
क्रांति देवी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात 10 बजे मोबाइल कर अपराधियों ने तुलसी को घर से बाहर बुलाया। जैसे ही वे बाहर निकले घर के समीप स्थित शिवमंदिर के पास छिपे छह हथियारबंद अपराधी उन्हें खींच कर बहियार की तरफ ले गए। हत्यारों ने सिर और पेट में छह से अधिक गोलियां मारी हैं। वहीं आंखों में तेजाब डाल चेहरे को विकृत कर दिया है। नावकोठी थानाध्यक्ष ने बताया कि तुलसी दास पर कई मामले दर्ज हैं। समसा की पूर्व मुखिया अरुणा देवी के पुत्र के अपहरण मामले में भी उसकी तलाश थी। हत्या का कारण क्षेत्र में अपराध को लेकर वर्चस्व की लड़ाई है।