बिहार में नहीं थम रहा क्राइम, पटना में कारोबारी तो जहानाबाद में जदयू नेता की हत्या
बिहार में क्राइम का ग्राफ थम नहीं रहा है। कहीं संपत्ति विवाद तो कहीं भूमि विवाद में बदमाश लोगों की जान ले रहे हैं। और तो और दहेज के नाम पर भी हत्या हो रही है।
पटना, जेएनएन। बिहार में लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा सुरक्षा व्यवस्था का दावा किया जा रहा है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती है। इसके बाद भी अपराधियों का खौफ कम नहीं हो रहा है। बिहार में अपराधी लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। यहां तक की राजधानी से इससे बचा हुआ नहीं है। कहीं संपत्ति विवाद तो कहीं आपसी दुश्मनी को लेकर वारदातें हो रही हैं। रविवार को हुई घटनाओं में आधा दर्जन की मौत हो गई। पटना में दिनदहाड़े कारोबारी की हत्या कर दी तो नालंदा में जदयू नेता को पीट-पीट कर मार डाला। मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, मुंगेर आदि जिलों में भी ऐसी ही वारदातों की खबर है। बेगूसराय में तो बाप ने अपनी मासूम बेटी को जिंदा जला दिया।
पटना में कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या
बेखौफ अपराधियों ने पटना सिटी में कोर्ट के निकट ही कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या कर दी। दानापुर का रहने वाले मो. रजा का पुत्र मो. आफताब रजा पुरानी गाडिय़ों को बेचने का कारोबार करता था। पुलिस ने बताया कि रविवार की दोपहर करीब दो बजे आफताब को किसी ने फोन कर आलमगंज थाना क्षेत्र के पटना सिटी व्यवहार न्यायालय के पास बुलाया था। जैसे ही वे उक्त स्थान पर आफताब अपनी बाइक से पहुुंचा बदमाशों ने उसे गोली मार दी। उन्हें एनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जहानाबाद में जदयू नेता समेत दो की हत्या
पटना के पड़ोसी जिले जहानाबाद में जदयू नेता प्रमोद विश्वकर्मा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के पड़ोस में रहने वाले चार लोगों पर लगा है। मृतक के पुत्र के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के आरोप पर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मखदुमपुर थाना क्षेत्र के भानेविगहा गांव में जमीन के विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जाता है कि बदमाश उन्हें तबतक मारते रहे, जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं। इस दौरान स्थानीय लोग तमाशबीन बने रहे। बताया जाता है कि जिस जमीन पर प्रमोद का घर है, उस पर चार साल से विवाद चल रहा है। पुत्र का कहना है कि जमीन विवाद में उसके पिता की हत्या की गई है। वहीं रविवार की शाम में कल्पा आेपी थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सहबाज गांव की घटना है। जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई है।
मुजफ्फरपुर में गोली मारकर युवक की हत्या
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी के तुर्की ओपी के सुमेरा नूरनगर में एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने शव को झाड़ी में फेंक दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम के 20 वर्षीय पुत्र मो जावेद के रूप में की गई है। गोली कनपटी में मारी गई है। घटना शनिवार की देर रात की है। युवक की हत्या के बाद गांव में दहशत व्याप्त है। जांच में पता चला कि बीती रात कुछ युवकों ने घर से ले जाकर उसकी हत्या की है। डीएसपी पाश्चमी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है।
मुंगेर में संपत्ति विवाद में गोली मारकर हत्या
मुंगेर के बरियारपुर में रविवार को ही संपत्ति विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। गोली मार कर घटना को अंजाम दिया गया है। बरियारपुर के झौवा वहियार में 35 साल के मुकेश यादव की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक दुखा टोला के नागे यादव का पुत्र था। बताया जाता है कि भाई ने ही सुवह आठ बजे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला हरिणमार थाना क्षेत्र का है। संपत्ति को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था।
बेगूसराय में पत्नी व मासूम बेटियों को जिंदा जलाया, एक की मौत
बेगूसराय में बड़ी नृशंस घटना हुई है। वहां पर ससुराल वालों ने पत्नी व दो बेटियों पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। घटना वीरपुर थाना क्षेत्र के मैदा बभनगमा गांव का है। पति की करतूत से पूरा गांव सन्न है। इसमें एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची लापता है। वहीं, पत्नी जख्मी हो गई है। उसका इलाज चल रहा है। बभनगामा निवासी शैलेश महतो की जख्मी पत्नी पूजा देवी ने बताया कि दहेज को लेकर आये दिन मेरे पति, ससुर रामचंद्र महतो, सास शिव कुमारी देवी, जेठ इंदल महतो, रुदल महतो, जेठानी रीना देवी, यशोदा देवी प्रताडि़त करते रहते थे। मैं अपनी चार साल एवं ढाई साल की बेटियों को लेकर रात में सोने चली गई। थोड़ी ही देर बाद उक्त सभी लोग जुट कर सबों ने मेरी दोनों लड़की एवं मुझ पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। इस घटना में मेरी छोटी बच्ची ने दम तोड़ दिया। उसका शव लोगों ने ठिकाने लगा दिया है। मेरी बड़ी बेटी कहां है, ये वही लोग जानते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसी हुई पूजा देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। घटना के बाद से घर के सभी सदस्य घर से फरार हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप