पटना में मात्र खैनी न देने पर पत्थर से कूच दिया युवक का सिर, हालत नाजुक
पटना में मंगलवार को नशे में चूर एक युवक ने दूसरे युवक का मात्र खैनी न देने पर सिर कूच दिया। घटना रामकृष्ण नगर की है।
पटना, जेएनएन। पटना में नशे में चूर एक युवक ने मात्र छोटी सी बात पर दूसरे युवक का पत्थर से सिर कूच दिया। घटना राजधानी के रामकृष्ण नगर की है। घायल युवक काफी देर तक तड़पता रहा पर किसी ने उसे अस्पताल में भर्ती कराने की जहमत नहीं उठाई। काफी देर बाद उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपित विक्की नेश में चूर होकर अपने घर से निकलकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसने संतोष नामक युवक से खैनी मांगी। मना करने पर दोनों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विक्की ने सड़क किनारे पड़ा ईटा उठा लिया।
इसके बाद ईंट से करीब छह बार संतोष के सिर पर वार किया। अधमरा होने पर विक्की संतोष को घटना स्थल पर छोड़कर भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नशे में चूर आरोपित को पकड़ लिया। इधर संतोष तड़पता रहा पर किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई। काफी देर बाद जब स्थानीय लोगों का दिल पसीजा तो संतोष को निजी अस्पताल ले जाया गया।