यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CoronaVirus Update Bihar: बिहार में फिर मिले कोरोना के दो नए मरीज, आंकड़ा हुआ 66
CoronaVirus Update Bihar बिहार में सोमवार को कोरोना के दो पॉजििटिव मरीज मिले। इनमें बेगूसराय व नालंदा के एक-एक मरीज शामिल हैं।

पटना, जेएनएन। बिहार के लिए 24 घंटे राहत भरे रहे, लेकिन उसके बाद सोमवार को फिर दो कोरोना संक्रमित मरीज मिले। वे बेगूसराय व नालंदा जिले के हैं। बेगूसराय वाले की उम्र 34 साल है, जबकि नालंदा के दूसरे मरीज की उम्र 40 साल है। नालंदा जिले का मरीज 21 मार्च को दुबई से वापस लौटा था। बेगूसराय के मरीज की केस हिस्ट्री पता की जा रही है। इस तरह बिहार में दो नए मरीज मिलने से कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 66 हो गई है।
बता दें कि सोमवार के पहले 24 घंटे के भीतर कोरोना की जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी थी। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी। लेकिन जब सुबह जांच की रिपोर्ट आयी तो एक नया मामला सामने आया फिर देर शाम की रिपोर्ट में एक और मरीज पॉजिटिव पाया गया है।
बता दें कि कोरोना महामारी के बीच अच्छी खबर यह आ रही है कि बिहार के लोगों ने कोरोना को पराजित करने के मामले में 15 राज्यो को पीछे छोड़ दिया है और बिहार दूसरे स्थान पर है।
स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 18 राज्यों के आंकड़े जारी किए हैं। प्रतिशत में जारी आंकड़े बताते हैं कि राज्यों में किस रफ्तार से मरीज कोरोना को पराजित करने में सफलता हासिल कर रहे हैं। विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार मानते हैं कि बिहार के लोगों में हर मुश्किल परिस्थिति से लड़ने और उसे परास्त करने का हौसला है। यहां के लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बेहतर है। यही वजह है कि बिहार में 29 मरीज कोरोना को परास्त कर घर जा चुके हैं।
बता दें कि बिहार में अबतक कोरोना के अबतक 66 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसमें से एक मरीज की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं 29 लोग अबतक ठीक हो चुके हैं।
बिहार के सिवान जिले में कोरोना के संक्रमित मरीज सबसे अधिक मिले हैं क्योंकि यहां का एक युवक ओमान से कोरोना संक्रमित होकर लौट था जिसकी वजह से उसके गांव और परिवार के लोग संक्रमित हुए हैं। सिवान जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 29 है जिसमें से चार ठीक हो गए हैं। दूसरे नंबर पर बेगूसराय है, जहां मरीजों की संख्या अब 9 हो गई है। इनमें से एक मरीज ठीक हो चुका है।
मुंगेर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या सात थी, जिनमें छह ठीक हो गए तो एक की मौत हो गई। पटना के सभी पांच मरीज अब स्वस्थ हैं। गया के पांच में तीन मरीज ठीक हो चुके हैं। गोपालगंज के सभी तीन मरीज ठीक हो चुके हैं। नवादा में तीन मरीजों में से दो ठीक हो गए हैं तो नालंदा में पहले जो दो मरीज मिले थे,दोनों मरीज ठीक हो चुके हैं वहीं तीसरा नया मरीज मिला है। सारण, भागलपुर और लखीसराय में एक-एक मरीज पाए गए, जाे ठीक हो चुके हैं।
