Corona Virus वेटनरी कॉलेज में होगी ऑनलाइन पढ़ाई, एक क्लिक पर मिलेगा स्टडी मटेरियल
बिहार वेटेनरी विश्वविद्यालय में जल्द ही ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की जाएगी। साथ ही छात्रों के लिए ऑनलाइन टेस्ट लेने की भी तैयारी की जा रही है।
पटना, जेएनएन। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए अब ऑनलाइन पढ़ाई का क्रेज बढ़ रहा है। छात्रों को नुकसान न हो इसके लिए बिहार वेटेनरी विश्वविद्यालय में जल्द ही ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.रामेश्वर सिंह का कहना है कि कोरोना रूपी महामारी से छात्र शिक्षा से वंचित नहीं हो, इसके लिए ऑनलाइन लर्निंग की व्यवस्था की गई है।
छात्रों के लिए ऑनलाइन स्टडी मटेरियल भी होगा उपलब्ध
इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन स्टडी मटेरियल तैयार किया गया है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अध्ययन कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन टेस्ट की भी तैयारी की जा रही है। कुलपति डॉ.रामेश्वर सिंह ने कहा नई व्यवस्था के तहत छात्रों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही वे घर बैठे पढ़ाई कर सकते हैं। उन्हें ऑनलाइन की स्टडी मटेरियल मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ये सुविधा सभी छात्रों के लिए होगी।
वन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दी दान
पटना : भारतीय वन सेवा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 3.67 लाख रुपए की दान दी है। भारतीय वन सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष ने बताया कि कोरोना रूपी महामारी से पूरी दुनिया संकट में है। ऐसे में वन विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दान देने का निर्णय लिया है। वन विभाग के अधिकारी सुधीर कुमार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी अपील की गई है।
शिक्षक एक दिन का अपना वेतन करेंगे दान
जासं, पटना : बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष केदार पांडेय एवं महासचिव शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से संगठन के सभी सदस्यों से आग्रह किया है कि कोरोना रूपी आपदा से निपटने के लिए एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करें। शिक्षकों के सहयोग से मुख्यमंत्री राहत कोष में कुल तीन करोड़ की राशि दान में दी जा सकती है।