Corona Virus Updates Bihar: 7000 के करीब पहुंची कोरोना मरीजों की संख्या, 41 की अब तक मौत
Corona Virus Updates Bihar कोरोना मरीजों की संख्या अब सात हजार के करीब पहुंच गई है। वहीं संक्रमितों के ठीक होने की संख्या भी तेजी से बढ़ी है और अबतक 4776 मरीज ठीक हो चुके हैं।
जागरण टीम, पटना। बिहार में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। बुधवार को करीब 3619 सैम्पल्स की जांच हुई है, जिनमे 130 रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई हैं। 130 नए संक्रमित मिलने के बाद बिहार में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर अब 6940 हो गई है। वहीं इस बीमारी से अब तक 4776 लोग ठीक हुए हैं। मंगलवार को कुल 148 नये कोरोना मरीज मिले थे। पिछले 24 घंटे में और 205 लोग ठीक हुए हैं। राज्य में आज तक कुल 6940 संक्रमित मिले हैं और 4776 लोग ठीक हुए हैं। अब एक्टिव केस 2124 रह गए हैं।
पटना से आठ सिवान से 11 पॉजिटिव
स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को पटना से आठ संक्रमित मिले हैं। जिसके बाद पटना में संक्रमितों की कुल संख्या 344 हो गई है। इनमें अब तक 215 लोग ठीक हुए हैं। पटना के अलावा आज सिवान से 11, अररिया से आठ, औरंगाबाद से तीन, बांका से एक, बेगूसराय से 13, भागलपुर से दो, बक्सर से चार, जहानाबाद से आठ, लखीसराय से 11, मधेपुरा से चार, मधुबनी से पांच, नालंदा से पांच, रोहतास से पांच, समस्तीपुर से छह और सारण से दो पॉजिटिव मिले हैं। इनके अलावा दरभंगा से एक, पूर्वी चंपारण से एक, गया से 14, गोपालगंज से एक, कटिहार से दो, मुंगेर से सात, मुजफ्फरपुर से दो, शिवहर से एक, वैशाली और प.चंपारण से एक एक पॉजिटिव मिले हैं।
4776 कर दे चुके हैं कोरोना को मात
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि अब पिछले 24 घंटे में 205 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं। जिन्हेंं अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इन 205 को मिलाकर अब तक कुल 4776 लोग कोरोना को पराजित कर चुके हैं। जिसके बाद राज्य में एक्टिव केस की संख्या 2224 रह गई है।
134402 सैंपल की जांच 5.12 फीसद पॉजिटिव
लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि छह मार्च से 17 जून के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से 134402 सैंपल की जांच की गई है। जिसमें महज 5.12 प्रतिशत रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि बिहार में कोरोना से बेहद परेशान होने जैसी बात नहीं। अब तक इस बीमारी से 41 वैसे लोगों की मौत हुई है जो कई तरह की बीमारियों से ग्रसित थे।
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में महामारी से 345 लोग ठीक हुए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 67.85 प्रतिशत मरीज कोरोना को पराजित करने में सफल रहे हैं। स्वास्थ्य सचिव के मुताबिक राज्य के कुल संक्रमित 6736 में से 4571 लोग ठीक हुए हैं। अब राज्य में एक्टिव केस की संख्या 2198 रह गयी है।