10 साल से घरों में नहीं जली बिजली, पटना में चिराग पासवान के काफिले को ग्रामीणों ने फोरलेन पर रोका
अथमलगोला के रवाईच गांव में ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का काफिला रोककर 10 साल से चली आ रही ...और पढ़ें

अथमलगोला में सड़क पर प्रदर्शन करते ग्रामीण और पहुंचे चिराग पासवान।
HighLights
ग्रामीणों ने बिजली समस्या पर चिराग पासवान का काफिला रोका।
दस वर्षों से पासवान टोले में बिजली आपूर्ति बाधित है।
मंत्री ने शिकायत सुनकर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।
संवाद सूत्र, अथमलगोला (पटना)। बख्तियारपुर रेलवे स्टेडियम में चल रहे फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शामिल होने जा रहे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के काफिले को शुक्रवार को ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए रोक दिया।
बख्तियारपुर-पटना फोरलेन पर रवाईच गांव के समीप जुटे ग्रामीण अपने गांव के पासवान टोले में पिछले दस वर्षों से बिजली की समस्या दूर नहीं होने से नाराज थे।
ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की गुहार लगाई। ग्रामीणों का आरोप है कि उस्मानपुर पंचायत के वार्ड संख्या 10 के मकदूमपुर गांव स्थित पासवान टोले में दबंगों के कारण पिछले एक दशक से बिजली की आपूर्ति बाधित है।
गांव में बिजली के खंभे गाड़ दिए गए हैं, लेकिन तार खींचने नहीं दिया जा रहा है। इस कारण टोले के लोग बिजली की सुविधा से वंचित हैं।
कई बार आवेदन देने के बाद भी नहीं निकला समाधान
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। प्रखंड मुख्यालय में आयोजित शिविर में भी आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
लंबे समय से बिजली के इंतजार में रह रहे ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री के आगमन की सूचना मिलने पर उनसे सीधे अपनी बात रखने का निर्णय लिया।
चिराग पासवान के काफिले के पहुंचते ही ग्रामीण बख्तियारपुर-पटना फोरलेन पर रवाईच गांव के समीप जुट गए। काफिले को एस्कॉर्ट कर रही पुलिस ने ग्रामीणों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने अपनी गाड़ी रुकवा दी और ग्रामीणों की समस्या सुनी।
आवेदन लेकर शीघ्र कार्रवाई का दिया भरोसा
अथमलगोला प्रखंड लोजपा अध्यक्ष संदीप पासवान के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री को अपनी समस्या से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि बिजली के खंभे लगे होने के बावजूद तार नहीं खींचे जाने से पूरा टोला बिजली की सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों ने इस संबंध में चिराग पासवान को आवेदन भी सौंपा।
केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से आवेदन लेकर समस्या पर शीघ्र कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों को समस्या के समाधान की उम्मीद जगी।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से संबंधित विभागों के चक्कर लगा रहे हैं। अब केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद उन्हें बिजली की सुविधा मिलने की आस है।
