बिहार में बाढ़ पर शुरू हुई तकरार, मंत्री संजय झा ने कहा, राहुल गांधी को हकीकत का पता ही नहीं
बिहार में बाढ़ को लेकर राहुल गांधी के ट्वीट पर राजनीतिक शुरू हो गई है। जल संसाधन मंत्री संजय झा ने राहुल के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा है कि बिहार में कोई नदी खतरे के निशान से उपर नहीं है।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार में बाढ़ (Flood in Bihar) पर बयानबाजी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Congress Leader Rahul Gandhi) पर जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा (Minister Sanjay Jha) ने निशाना साधा है। उन्होंने राहुल के Tweet के जवाब अपने अपने ट्वीट में लिखा कि राहुल गांधी को या तो सही-सही जानकारी नहीं दी जाती है या उन्हें हकीकत जानने में दिलचस्पी नहीं रहती है।
मंत्री ने कहा- कोई भी नदी खतरे के निशान से ऊपर नहीं
ट्विटर पर बिहार सरकार के मंत्री ने बिहार की सभी प्रमुख नदियों के 23 जून के जलस्तर के आंकड़े को साझा किया है। कहा है कि आपदा की घड़ी में बिहार सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें राहत पहुंचाने के लिए हमेशा जमीन पर मुस्तैदी से काम करती है। इंटरनेटर मीडिया (Internet Media) पर हवाबाजी नहीं करती। सच्चाई है कि बिहार की कोई भी नदी अभी खतरे के निशान से उपर नहीं बह रही। संजय झा ने कहा कि बिहार में बाढ़ से सुरक्षा के लिए संसाधन विभाग की टीमें नदियों के जलस्तर और तटबंधों की 24 घंटे निगरानी कर रही है। आपके ट्वीट से स्पष्ट है कि आप इस सच्चाई से वाकिफ नहीं हैं।
कांग्रेस के विधान पार्षद ने कहा-गलतबयानी कर रहे मंत्री
इधर कांग्रेस विधान पार्षद और मीडिया सेल के अध्यक्ष राहुल राठौर ने संजय झा की टिप्पणी को गलतबयानी करार दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। फिर भी मंत्री कह रहे हैं कि बाढ़ नहीं आई है। यह तो हद है।
क्या कहा था राहुल गांधी ने
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने Tweet कर कहा कि बिहार के बाढ़ पीड़ितों को मेरी संवेदनाएं। महामारी के समय यह बड़ी त्रासदी है। कांग्रेस के साथियों से अपील है कि वे राहत कार्यों में हाथ बटाएं। कांग्रेस का हर कदम जनसहायता के लिए उठे। यही कांग्रेस विचारधारा की असली पहचान है।