बिहार NDA में सामने आने लगी तल्खी, बीजेपी के बयान पर जदयू की दो टूक; सोचकर बोलना चाहिए
जदयू नेता संजय सिंह ने भाजपा नेता व पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के उस वक्तव्य पर तीखी प्रतिक्रिया जताई जिसके तहत चौधरी ने यह कहा है कि बिहार में अगला विधानसभा चुनाव भाजपा को अकेले लड़ना चाहिए।
राज्य ब्यूरो, पटना : प्रदेश जदयू के उपाध्यक्ष व विधान पार्षद संजय सिंह ने सोमवार को भाजपा नेता व पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के उस वक्तव्य पर तीखी प्रतिक्रिया जताई, जिसके तहत चौधरी ने यह कहा है कि बिहार में अगला विधानसभा चुनाव भाजपा को अकेले लड़ना चाहिए। संजय ने कहा कि सम्राट चौधरी मंत्री हैं, इसलिए उन्हें सोच समझ कर बोलना चाहिए। सभी दल इस बात को लेकर स्वतंत्र हैं कि वह गठबंधन के साथ चुनाव लड़े या फिर अकेले।
प्रदेश जदयू के उपाध्यक्ष व विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी को शायद यह याद नहीं कि भाजपा जब अकेले चुनाव मैदान में गई थी तो क्या परिणाम आया था। अगर उन्हें इस बारे में कुछ कहना ही था तो अपने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाएं। यह तो सर्वविदित है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने ही बिहार में नीतीश कुमार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का नेता चुना है।
बीजेपी अकेले सरकार बनाने की ताकत रखती हैः सम्राट चौधरी
बिहार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने एक दिन पहले रविवार को कहा था कि भाजपा से बड़ी दुनिया में कोई पार्टी नहीं है। भाजपा ने जिस तरह का काम अपने कार्यकर्ताओं के बीच किया है, वह किसी अन्य पार्टियों ने नहीं किया है। 2024 के लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार में बीजेपी अकेले सरकार बनाने की ताकत रखती है। इसके लिए हमें पार्टी नेतृत्व को सजग करना होगा। मंत्री ने कहा जबतक हम अकेले बहुमत में नहीं आते तबतक स्थिति में बहुत सुधार की गुंजाइश नहीं है। वे बोले कि विधानसभा चुनाव में हमसे जो चूक हुई, उससे सबक भी लेना चाहिए। पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में हमसे बड़ी ताकत पूरे देश में कोई नहीं है। राजनीतिक रूप से हम सब पर बड़ी राजनीतिक जिम्मेवारी भी है।