महागठबंधन में रह सबसे अधिक मजबूती से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, तैयारी सभी सीटों की
कांग्रेस महागठबंधन में रहकर सबसे अधिक मजबूती से चुनाव लड़ेगी। राजद को भले ही सब अधिक मजबूत मानते हैं लेकिन कांग्रेस पूरी तैयारी से चुनावी मैदान में उतरेगी।
पटना, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस महागठबंधन में रहकर सबसे अधिक मजबूती से चुनाव लड़ेगी। राजद को भले ही सब अधिक मजबूत मानते हैं, लेकिन कांग्रेस पूरी तैयारी से चुनावी मैदान में उतरेगी। ये बातें प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिव अजय कपूर ने गुरुवार को कहीं। वे गुरुवार को मीडिया से रूबरू हो रहे थे। कपूर ने कहा कि राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेस अपना आंदोलन भी तेज करेगी। आंदोलन का नया प्रारूप तैयार किया जा रहा है। पार्टी सभी 243 सीटों पर चुनावी तैयारी कर रही है और वहां संगठन सुदृढ़ करने का प्रयास आरंभ हो गया है।
अजय कपूर ने कांग्रेस के अकेले चुनाव लडऩे की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि गठबंधन तो देश स्तर पर समय की पुकार है। उन्होंने कहा कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी यह चुनाव के समय आलाकमान तय करेगा, लेकिन कांग्रेस पार्टी सभी सीटों पर खुद को मजबूत करेगी, ताकि महागठबंधन को इसका पूरा लाभ मिले।
नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, नौकरी, आर्थिक आदि सभी मोर्चों पर विफल साबित हो चुकी है। आरंभ में उम्मीद थी कि यह सरकार विकास करेगी लेकिन यह पूरी तरफ फेल निकली। संवाददाता सम्मेलन में मौजूद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने राजद द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने पर कहा कि हर दल को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करने का अधिकार है, मगर महागठबंधन में मुख्यमंत्री पद का कौन उम्मीदवार होगा, यह हम सब मिलकर कांग्रेस आलाकमान की सहमति से तय करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्पूरी जयंती पर 24 जनवरी को रालोसपा के विद्यालयों के समक्ष मानव कतार बनाने के कार्यक्रम को समर्थन देगी। संवाददाता सम्मेलन में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी, डाॅ. समीर कुमार सिंह एवं श्याम सुंदर सिंह धीरज भी मौजूद थे। इससे पूर्व अजय कपूर ने सदाकत आश्रम में पार्टी के विधायकों, विधान पार्षदों के अलावा वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन अपने मतभेदों को भूल कर अगर एकजुट हो जाएं तो पार्टी 1990 से पहले की स्थिति में आ जाएगी।