बिहार का बढ़ा राजनीतिक तापमान, कांग्रेस ने भी भभुआ सीट पर ठोका दावा
उपचुनाव को लेकर बिहार का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। कांग्रेस ने भी भभुआ सीट पर दावा ठोका है। वहीं विधान पार्षद रामचंद्र भारती ने कहा कि राजद के मुकाबले कांग्रेस बड़ी पार्टी है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार में दो विधानसभा व एक लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव ने सूबे का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। एनडीए के साथ-साथ अब यूपीए में भी सीटों को लेकर घमासान तेज होने लगा है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने भभुआ विधानसभा सीट पर दावा ठोंकते हुए कहाकि उनकी पार्टी वहां अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी। कादरी ने कहा कि भभुआ का सामाजिक समीकरण कांग्रेस के पक्ष में है।
उधर, इस उपचुनाव को लेकर अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी खम ठोंकना शुरू कर दिया है। विधान पार्षद रामचंद्र भारती ने कहा कि राजद के मुकाबले कांग्रेस बड़ी पार्टी है। हमारी पार्टी बिहार में राजद और लालू प्रसाद के भरोसे राजनीति नहीं करती और न ही उनके रहमो-करम पर है।
भारती ने तो राजद को एक दागी पार्टी तक करार देते हुए राजद और लालू प्रसाद से नाता तोडऩे की बात भी कही। उन्होंने कहा कि हम इस उपचुनाव में सभी दो विधानसभा सीटों और अररिया लोकसभा सीट से चुनाव लडऩे की स्थिति में हैं।
उधर, कांग्रेस के एक अन्य विधान पार्षद दिलीप चौधरी ने कहा कि केवल भभुआ से ही नहीं हमें तीनों सीटों पर अपना उम्मीदवार देना चाहिए। दिलीप चौधरी ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधा और कहा कि बिहार में कांग्रेस लालू प्रसाद के आगे नतमस्तक हो चुकी है। हमें सभी सीटों पर चुनाव लडऩा चाहिए।
बता दें कि अगले महीने बिहार में दो विधानसभा सीट जहानाबाद और भभुआ तथा अररिया लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है।