Congress Protest in Patna: महंगाई के खिलाफ साइकिल, बैलगाड़ी और घोड़ा पर निकले कांग्रेसी
Congress Protest in Patna डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस की ओर से शनिवार को पटना में प्रदर्शन किया गया। साइकिल टमटम बैलगाड़ी पर बैठकर विरोध जताया गया। इस दौरान केंद्र की नीतियों की आलोचना की गई।
पटना, आनलाइन डेस्क। महंगाई के मुद्दे पर (on the issue of inflation) कांग्रेस ने शनिवार को पटना में साइकिल रैली (Cycle Rally of Congress) निकाली। इसमें कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास, डा शकील अहमद, प्रदेश अध्यक्ष डा मदन मोहन झा, कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा आदि ने साइकिल चलाकर महंगाई के प्रति विरोध जाहिर किया। रैली में साइकिल के अलावा टमटम, बैलगाड़ी और घोड़े से भी कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता निकले। बोरिंग रोड से निकली रैली गांधी मैदान में जाकर समाप्त हुई। बेली रोड पर निकली रैली में शामिल टमटम, बैलगाड़ी आदि को पुलिस ने बिहार म्यूजियम के पास आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कई नेताओं को पैदल ही गांधी मैदान जाना पड़ा। महिलाएं गैस का सिलेंडर लेकर प्रदर्शन कर रही थीं।
अब लोगों के पास विकल्प ही क्या है
कांग्रेस के बिहार प्रभारी ने कहा कि जिस तरह से महंगाई चरम पर है, सरकार ने देश को काफी पीछे धकेल दिया है। आम अवाम परेशान है। लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। डीजल-पेट्राेल और गैस की कीमत इतनी बढ़ गई है कि लोग अब साइकिल से चलने को मजबूर हो गए हैं। देश आजादी से पहले वाली हालत में पहुंच जाएगी। हमलोग लगातार इस मुद्दे पर सरकार का विरोध करते रहेंगे। डा शकील अहमद ने कहा कि विपक्ष का काम लोगों का मुद्दा उठाकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराना है।
कांग्रेस के समय इंटरनेशनल मार्केट में काफी अधिक थी कीमत
कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमत 120 डालर से उपर थी। आज 73 डॉलर है। फिर भी दाम बढ़ाए जा रहे हैं। देश की जनता की जेब से पैसे निकाल कर अंबानी को दिए जा रहे हैं। राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि पड़ोस के छोटे एवं गरीब देशों में काफी कम कीमत पर डीजल-पेट्रोल बिक रहे हैं। लेकिन भारत जैसे देश में ऐसा क्यों। देश के लोगों की जेब से पैसे निकाले जा रहे हैं। इसके खिलाफ कांग्रेस लगातार आंदोलन करती रहेगी।