लालू से मिलने दिल्ली एम्स पहुंचे राहुल गांधी, पूछा हालचाल BJP ने कसा तंज
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज दिल्ली एम्स जाकर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा। दोनों के बीच आधे घंटे बातचीत हुई। इसपर राजनीति तेज हो गई है।
पटना [जेएनएन]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबियत खराब होने की खबर के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनसे दिल्ली एम्स जाकर मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक राहुल गांधी और लालू यादव की बातचीत हुई। राहुल गांधी ने लालू यादव का हालचाल पूछा और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके साथ ही दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बता दें कि रविवार को कांग्रेस की जन आक्रोश रैली थी जिसमें राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अौर भाजपा पर निशाना साधा था। ऐसे में इन दोनों नेताओं की मुलाकात से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
भाजपा नेता संबित पात्रा ने लालू और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात पर ट्वीट किया और लिखा कि एक बेल पे, एक जेल में फिर भी इनकी हिम्मत है। जो कहते हैं हम डटे हैं, जंगे भ्रष्टाचार के खेल में।
इससे पहले रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, बीजेपी नेता शत्रुध्न सिन्हा और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने भी एम्स जाकर लालू प्रसाद से मुलाकात की थी और उनका हालचाल पूछा था।
राहुल गांधी के मिलने के बाद ही दिल्ली एम्स ने लालू को वापस रांची के रिम्स अस्पताल भेजा जा रहा है। चार बजे उन्हें दिल्ली से राजधानी एक्सप्रेस से रांची भेजा जा रहा है।