बिहार में राजद को पसंद हो ना हो, कांग्रेस को नीतीश पसंद है...
कांग्रेस विधायकों ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महागठबंधन में जरूरत है , उनपर जनता विश्वास करती है। उन्हें भाजपा का साथ छोड़ गठबंधन में आ जाना चाहिए।
पटना [जेएनएन]। राजद को पसंद हो ना हो कांग्रेस विधायकों को सीएम नीतीश पसंद हैं। नीतीश कुमार के समर्थन में पार्टी के विधायक अब खुलकर सामने आ गए हैं। बरबीघा विधायक और किशनगंज बहादुरगंज विधायक ने महागठबंधन में नीतीश कुमार को शामिल होने का न्योता दिया है।
इन दोनों के पहले कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने भी नीतीश के लिए राजद को जवाब दे दिया था। किशनगंज के बहादुरगंज विधायक तौसिफ आलम ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के सबसे अच्छे मुख्यमंत्री हैं। नीतीश कुमार को भाजपा छोड़ महागठबंधन में शामिल होना चाहिए। भाजपा ने लॉलीपॉप दिखाकर नीतीश कुमार को अपने पक्ष में किया । नीतीश कुमार मेरे दिल मे रहते हैं । वे महागठबंधन के नेता बने इससे अच्छी बात नही हो सकती है।
कांग्रेस के बरबीघा विधायक सुदर्शन ने कहा कि महागठबंधन में नीतीश कुमार की जरूरत है। नीतीश कुमार अगर महागठबंधन में फिर से आते हैं तो उनका हम स्वागत करेंगे। बिहार में नीतीश कुमार के अलावा मुख्यमंत्री का और दूसरा कोई चेहरा नहीं है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जनता के चहेते मुख्यमंत्री हैं और जनता उनपर विश्वास करती है। राजद को अभी की राजनीतिक परिस्थिति समझनी चाहिए। नीतीश कुमार के लिए मिल बैठ कर बात करने की जरूरत है।
इस मामले पर बिहार कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा ये विधायकों की निजी राय है। कांग्रेस अपने फैसले पर अडिग है। नीतीश कुमार पहले भाजपा से बाहर तो आयें उसके बाद उनके बारे में फैसला होगा । वैसे भी यह फैसला आलाकमान को करना है न कि बिहार के विधायकों को।