बिहार कांग्रेस प्रभारी ने जयंती के दिन मना दी गांधीजी की पुण्यतिथि, हो गए ट्रोल
महात्मा गांधी की जयंती के दिन बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने उन्हें पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दे दी। इसके बाद ट्विटर पर उनकी ट्रोलिंग हुई।
पटना [जेएनएन]। गांधी जयंती के अवसर पर बिहार में कांग्रेस को फजीहत झेलनी पड़ी है। यह फजीहत राजग वालों ने नहीं, खुद राज्य के कांग्रेस प्रभारी ने कराई है। बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने मंगलवार को गांधी जयंती के अवसर पर ट्वीट कर गांधीजी को उनकी 'पुण्यतिथि' पर श्रद्धांजलि दे दी। हालांकि, उन्होंने बाद में भूल सुधार कर लिया, लेकिन इस कारण उनकी जबरदस्त ट्रोलिंग हो गई।
पहले ट्वीट में लिखी ये बात
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शक्ति सिंह गोहिल ने ट्वीट में लिखा 'हे साबरमती के संत, जब आज देश में झूठ और हिंसा का बोलबाला है, वहां आपके सत्य और अहिंसा के माध्यम से लड़ी बड़ी से बड़ी लड़ाइयां हमें प्रेरणा देती हैं कि ताकत कोई भी हो, कितनी भी शक्तिशाली हो, आपके बताए रास्ते पर चलकर ही विजय पाई जा सकती है। ...आपकी 150वीं पुण्यतिथि पर आपको शत- शत नमन।'
ट्रोल हुए तो किया भूल-सुधार
गोहिल का यह ट्वीट तुरंत वायरल हो गया। यूजर्स ने उनके ज्ञान पर सवाल उठाया तथा तरह-तरह के तंज कसने लगे। गलती का अहसास होते ही गोहिल ने इस ट्वीट को अपने हैंडल से हटाकर दूसरा ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने भूल सुधार करते हुए शेष बातें यथावत रखीं। इस ट्वीट में उन्होंने 'जन्मतिथि' पर नमन लिखा।
विदित हो कि मंगलवार को महात्मा गांधी की जयंती मनाई जा रही है। गांधी जी का जन्म उसी गुजरात में हुआ था, जहां के शक्ति सिंह गोहिल रहने वाले हैं। गोहिल पर बिहार में कांग्रेस की स्थिति मजबूत करने की जिम्मेदारी है।