कांग्रेस में लौटे तारिक अनवर ने कहा-भाजपा का विकल्प बस कांग्रेस ही है
एनसीपी से नाता तोड़कर19 साल बाद कांग्रेस में लौटे तारिक अनवर ने पटना में आयोजित समारोह में पीएम मोदी और सीएम नीतीश पर जमकर हमला बोला।
पटना [राज्य ब्यूरो]। एनसीपी से नाता तोड़कर करीब 19 साल बाद कांग्रेस में लौटे तारिक अनवर एकबार फिर से बिहार में कांग्रेस को मजबूत करने की मुहिम में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि देश में भाजपा का कोई एकमात्र विकल्प है तो वह कांग्रेस है। हम वर्ष 1967, 1977 और 1990 में सत्ता से बाहर जरूर हुए थे। लेकिन अगले ही चुनाव में हमने पूरी ताकत के साथ सत्ता में वापसी की थी। इस बार हम एक बार फिर सत्ता में वापस आएंगे।
19 साल बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पहुंचे तारिक अनवर ने कहा कि बिहार में कांगे्रस को मजबूत करना होगा। हम उन सभी पुराने कांग्रेसियों को पुन: पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ेंगे जो किसी न किसी कारण से कांगे्रस से अलग हो गए हैं।
तारिक अनवर सदाकत आश्रम में आयोजित अपने अभिनंदन समारोह के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश सिंह, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज, समीर कुमार सिंह व पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा भी मौजूद थे।
तारिक अनवर ने कहा कि हमारा लक्ष्य बिल्कुल साफ है। हम केंद्र की सत्ता से नरेंद्र मोदी और बिहार की सत्ता से नीतीश कुमार की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राजनीतिक बेईमानी के आरोप लगाए। कहा, उन्होंने 'यू टर्न' लेकर बिहार की सत्ता भाजपा को सौंप दी। तारिक ने कहा कि हम कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के हाथ मजबूत करेंगे।