बिहार उपचुनाव: कांग्रेस ने भभुआ में की पुनर्मतदान की मांग, लगाए ये आरोप
बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने भभुआ विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग रद कर पुनर्मतदान की मांग की है। इसके पीछे क्या हैं कारण, जानने के लिए पढ़ें खबर।
पटना [जेएनएन]। बिहार में रविवार को लोकसभा की अररिया और विधानसभा की भभुआ और जहानाबाद सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इस बीच कई जगह ईवीएम में खराबी की जानकारी मिली है। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने भभुआ में 137 ईवीएम की खराबी का आरोप लगाते हुए वहां पुनर्मतदान की मांग की है। हालांकि, जिलाधिकारी ने बड़े पैमाने पर ईवीएम की खराबी से इन्कार किया है।
कादरी ने लगाए ये आरोप
कौकब कादरी के अनुसार भभुआ विधानसभा क्षेत्र में 137 से अधिक ईवीएम खराब हैं, जिसकी शिकायत वे चुनाव आयोग से कर रहे हैं। उन्होंने इसे देखते हुए भभुआ में पुनर्मतदान की मांग की है।
कादरी के अनुसार सुबह में मतदाता उत्साह में थे, लेकिन ईवीएम में खराबी के कारण मतदान प्रभावित हो गया है। ईवीएम खासकर दलित-मुस्लिम इलाकों में खराब मिले हैं। कादरी के अनुसार उनकी इस बाबत जिलाधिकारी से बातचीत हुई है।
जिलाधिकारी ने कही ये बात
जिलाधिकारी राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि ईवीएम कहीं-कहीं खराब मिले हैं, जिन्हें ठीक किया जा रहा है। जहां तक 137 ईवीउम के खराब होने की बात है, ऐसी बात नहीं है। जिलाधिकारी के अनुसार कहीं से भी दो घंटा से अधिक मतदान बाधित रहने की सूचना नहीं मिली है।
यहां पर हो रहे चुनाव, ये हैं उम्मीदवार
अररिया लोकसभा सीट: राजद के मोहम्मद तस्लीमुद्दीन यहां से थे सांसद। उनके निधन से सीट रिक्त हुई। यहां उनके पुत्र राजद के सरफराज आलम से एक बार जीत चुके भाजपा के प्रदीप सिंह का मुकाबला है।
भभुआ विधानसभा सीट: भाजपा के आनंद भूषण पांडेय यहां से जीते थे। उनके निधन से सीट रिक्त हुई। यहां पूर्व विधायक की पत्नी रिंकू रानी पांडेय के भाजपा की नाव है। उनका कांग्रेस के शंभू सिंह पटेल से मुकाबला है।
जहानाबाद विधानसभा सीट: राजद के टिकट पर जीते मुंद्रिका सिंह यादव के निधन से सीट रिक्त हुई थी। यहां जदयू के अभिराम शर्मा कें मुकाबले राजद के सुदय यादव खड़े हैं।