बिहार में सीटें बचाना कांग्रेस की बड़ी चुनौती, अभी से ही किलेबंदी में जुटी पार्टी
बिहार में कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है अपनी सीटें बचाना। बता दें कि पार्टी में अंतर्कलह का इसपर काफी असर पड़ सकता है। इसके लिए पार्टी ने अपनी तैयारी शुऱू कर दी है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। महागठबंधन से अलग होने के बाद बिहार कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपनी सीटों को बचाए रखने की है। हालांकि चुनाव में अभी विलंब है, लेकिन पार्टी इस कवायद में जुट गई है कि पिछले विधानसभा चुनाव में जिन 27 सीटों पर संगठन ने जीत दर्ज कराई है उन्हें हर हाल में बचाए रखा जाए।
इसके लिए बिहार कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी और विधान मंडल दल के नेता सदानंद सिंह अगले महीने से पंचायत से लेकर प्रखंड तक जाकर पार्टी नेताओं से फीडबैक लेने के लिए जिलों के दौरे पर निकलेंगे।
कांग्रेस के अंदरखाने के सूत्र बताते हैं कि संगठन बिहार के बदले हुए राजनीतिक हालातों को देख रही है। उसे इल्म है कि उसकी अगली लड़ाई सिर्फ भाजपा से नहीं वरन बिहार में जदयू से भी होगी। जिसके साथ मिलकर कांग्रेस ने पिछला चुनाव लड़ा और सत्ता में भागीदारी भी पाई।
कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेता अपने दौरे के क्रम में यह देखेंगे कि जिन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज कराई उन सीटों को अगले चुनाव में बचाए रखने के लिए संगठन को क्या कदम उठाने होंगे। जातीय समीकरण से लेकर मतदाताओं का मिजाज भी इस दौरान परखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: बिहार में शौचालय बनाने के लिए मिलेगा लोन
पार्टी के विजयी नेताओं के बारे में भी इलाके के पार्टी नेताओं के साथ ही आमजन की राय ली जाएगी। यदि किसी विधायक के बारे में विपरीत टिप्पणी प्राप्त होती है तो इस बारे में आलाकमान को जानकारी भी दी जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि दिसंबर महीने में नेताओं के जिलों का दौरा प्रारंभ होगा।
यह भी पढ़ें: बड़ी खबर: नियोजित शिक्षकों को नवंबर महीने के अंत तक मिलेगा वेतन
दौरे के क्रम में जिलों में होने वाली बैठकों में पार्टी नेताओं और जिलाध्यक्षों को यह दायित्व भी सौंपा जाएगा कि वे अभियान चलाकर कांग्रेस कार्यकाल में हुई उपलब्धियां जनता तक पहुंचाए साथ ही केंद्र की वर्तमान सरकार की नीतियों और फैसलों की वजह से होने वाली परेशानियों की बाबत भी लोगों को जागरुक करें।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि संगठन अभी से अपनी गतिविधियां बढ़ा रहा है ताकि ऐन मौके पर हम कहीं पीछे न रह जाएं।
यह भी पढ़ें: ‘सेक्सी बार्बी गर्ल’ से बॉलीवुड में धमाल मचा रही बिहार की बेटी स्वाति शर्मा, जानिए