Move to Jagran APP

वाम दलों से जुड़े ट्रे‍ड यूनियनों के भारत बंद की बिहार में व्‍यापक तैयारी, कांग्रेस-रालोसपा-हम का समर्थन

ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन और बैक इंप्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े सभी बैंक कर्मी बुधवार को हड़ताल पर रहेंगे। भारत बंद को कांग्रेस-रालेसपा हम समेत वामदलों का समर्थन है।

By Rajesh ThakurEdited By: Published: Tue, 07 Jan 2020 10:14 PM (IST)Updated: Tue, 07 Jan 2020 10:27 PM (IST)
वाम दलों से जुड़े ट्रे‍ड यूनियनों के भारत बंद की बिहार में व्‍यापक तैयारी, कांग्रेस-रालोसपा-हम का समर्थन
वाम दलों से जुड़े ट्रे‍ड यूनियनों के भारत बंद की बिहार में व्‍यापक तैयारी, कांग्रेस-रालोसपा-हम का समर्थन

पटना, जेएनएन। ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन और बैक इंप्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े सभी बैंक कर्मी बुधवार को हड़ताल पर रहेंगे। ग्रामीण विकास बैंक के कर्मी भी हड़ताल में शामिल हो गए हैं। भारतीय स्टेट बैंक और निजी बैंकों के कर्मी हड़ताल पर नहीं रहेंगे। हड़ताल की पूर्व संध्या पर बैंककर्मी बुद्धस्मृति पार्क के सामने जनसभा में शामिल हुए तथा हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही इस हड़ताल को कांग्रेस, रालाेसपा, हम समेत वामदलों ने भी समर्थन किया है। 

loksabha election banner

कई बैंकों में काम-काज होंगे प्रभावित

बुधवार को होनेवाली हड़ताल से पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक, केनरा बैंक, यूनाइटेड बैंक सहित लगभग सभी बैंकों में कामकाज प्रभावित होगा। इस संबंध में ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआइबीओए) के वरीय उपाध्यक्ष डॉ. कुमार अरविंद ने बताया कि बैंकों में बुधवार को कामकाज नहीं होगा। सभी कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। सहकारी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, भारतीय जीवन बीमा व सामान्य बीमा क्षेत्र के कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि बैंकों के विलय , मजदूर विरोधी नीति के साथ ही  नौकरी की सुरक्षा, रोजगार सृजन, श्रम कानूनों में संशोधन, न्यूनतम वेतन, आउटसोर्सिंग को लेकर हड़ताल आहूत की गई है।  

सिटीजन्स फोरम ने की प्रतिवाद सभा 

अखिल भारतीय हड़ताल को समर्थन तथा जवाहर लाल नेहरु विश्विद्यालय के छात्रों पर बर्बर हमले के खिलाफ आज 'सिटीजन्स फोरम', पटना की ओर से बुद्धा स्मृति पार्क के गेट पर नागरिक प्रतिरोध सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में पटना के नागरिक, सामाजिके कार्यकर्ता, संस्कृतिकर्मी, साहित्यकार, रंगकर्मी विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता इकट्ठा हुए। सभा में गीत गाये गए, नारा लगाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों व उसके द्वारा ढाये जा रहे जुल्मों का विरोध किया गया। निर्माण मजदूर नेता नरेंद्र कुमार ने कहा कि यह सरकार जनता के जनवादी अधिकारों को छीन रही है। लेबर कानून में बदलाव कर इसे पूंजीपतियों को फायदा दे रही है। सभा को अरविंद सिन्हा, अंजुल कुमार दास, अनीश अंकुर, गौतम गुलाल, रामबली, शिमला मौर्य, मोना झा आदि ने सम्बोधित किया। सभा का  संचालन विश्वजीत कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता एमके पाठक और गणेश शंकर सिंह ने किया। 

वामदल भी उतरेंगे सड़क पर 

देशव्यापी आम हड़ताल को सफल बनाने को लेकर वामपंथी दलों और अन्य संगठनों ने जोरदार तैयारी की है। वामपंथी दलों ने एकजुटता के साथ बुधवार को बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरने की रणनीति बनायी है। बिहार में बंद को प्रभावी बनाने के लिए शनिवार को भी वामपंथी दलों ने जागरूकता मार्च निकाला और नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की। भाकपा माले के राज्य सचिव कुणाल ने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार की किसान-मजदूर और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुधवार को ऐतिहासिक बंद होगा। वाम दलों के तमाम नेता एवं कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरेंगे। राज्य में बंद को सफल बनाने के लिए हिंदुस्‍तानी अवाम मोर्चा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, कांग्रेस समेत अन्य दलों ने समर्थन किया। 

भारत बंद को कांग्रेस ने दिया समर्थन 

केंद्र सरकार की श्रम नीतियों के खिलाफ केंद्रीय श्रमिक संगठनों द्वारा बुधवार को आयोजित भारत बंद को कांग्रेस ने समर्थन दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बैंकों में व्याप्त भ्रष्टाचार से त्रस्त है। मजदूर, किसान, छात्र और युवा परेशान हैं। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते आज संवैधानिक संस्थाओं पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। डा. झा ने बुधवार के बंद में कांग्रेसी नेताओं एवं पार्टी की जिला इकाइयों को बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने का निर्देश दिया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.