पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे, अभी रहेगा ठंड का कहर
पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी समेत पूरा प्रदेश आजकल भीषण ठंड की चपेट में है।
पटना । पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी समेत पूरा प्रदेश आजकल भीषण ठंड की चपेट में है। सोमवार को राजधानी में कोल्ड डे रहा। शहर का अधिकतम तापमान सोमवार को गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से आठ डिग्री नीचे रहा। अधिकतम तापमान में कमी ही राजधानी में ठंड का मूल कारण है।
राजधानी में सुबह में कोहरा छाया रहा। दिन में कुछ देर के लिए धूप निकली लेकिन शाम होते ही ठंड काफी बढ़ गई। सूर्यास्त के बाद तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों के अनुसार अभी ठंड का कहर जारी रहेगा। वर्तमान में देश के पश्चिमी भाग एवं पर्वतीय इलाके में बर्फबारी होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
राजधानी का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना के अलावा गया, भागलपुर एवं पूर्णिया में भी ठंड का कहर जारी रहा। राजधानी की हवा में आर्द्रता 92 फीसद रिकॉर्ड की गई। वातावरण में आगे भी नमी बने रहने की उम्मीद है।
सोमवार की सुबह वातावरण में कोहरा फैला हुआ था, लेकिन दिन चढ़ने के साथ-साथ कोहरा छंटता गया। दोपहर बाद हल्की धूप निकली तो लोगों ने राहत महसूस की। लेकिन शाम चार बजे के बाद फिर वातावरण कोहरे से भर गया ओर एक बार फिर ठंड काफी बढ़ गई।
---------
: क्या है कोल्ड डे :
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि जब अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे हो और न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से कम हो तो उसे कोल्ड डे कहा जाता है।