अब पुराने ऑटो को सीएनजी में बदलने पर मिलेगा परमिट
पटना में सीएनजी ऑटो के नये परमिट पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार पटना प्रमंडल ने रोक लगा दी है।
पटना । पटना में सीएनजी ऑटो के नये परमिट पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, पटना प्रमंडल ने रोक लगा दी है। पुराने ऑटो वाले नये सीएनजी ऑटो लेकर परमिट को जारी रख सकते हैं। 29 मई को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के अध्यक्ष सह पटना प्रमंडलीय आयुक्त आरएल चोंग्थू ने नये परमिट देने के फैसले को वापस ले लिया।
प्राधिकार ने 20 फरवरी 2019 को अपनी बैठक में सीएनजी से चलने वाले नये ऑटो को परमिट देने का फैसला लिया था। परिवहन विभाग ने शहर में ऑटो की बढ़ रही संख्या पर चिंता प्रकट की थी। सलाह दी थी कि पुराने ऑटो को सीएनजी में परिवर्तित करने से संख्या में वृद्धि नहीं होगी। परिवहन विभाग ने आदेश निर्गत कर कहा है कि नये ऑटो के सड़कों पर आने से उनकी संख्या में वृद्धि हो रही है। यातायात में परेशानी उत्पन्न होगी। परिवहन विभाग के आदेश के बाद पटना प्रमंडल परिवहन प्राधिकार ने नये परमिट पर रोक लगा दी है।
बता दें कि जून 2014 में पटना शहर में ऑटो के परमिट पर रोक लगा दी गयी थी। उस समय से ऑटो का परमिट नहीं मिला। सीएनजी का परमिट मिलने के कुछ ही माह बाद बंद हो गया। ऑटो परमिट बंद होने के कारण शहर में ऑटो की संख्या में कमी आयी है। सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए परमिट मिलते हैं।
बिहार स्टेट ऑटो चालक संघ ने महासचिव राजकुमार झा ने सीएनजी ऑटो के परमिट पर रोक लगाए जाने पर नाराजगी जताई है। बयान जारी कर कहा है कि दो हजार सीएनजी ऑटो की बिक्री हो चुकी है। वाहन एजेंसी ऑटो वापस ले या परमिट दिलाए। परमिट नहीं मिलने पर गरीब चालक कैसे किश्त भरेंगे। कहा कि सीएनजी केंद्र का विस्तार नहीं किया गया। इस कारण ऑटो खरीदकर लोग परेशान हैं। इसके साथ परमिट पर ही रोक लगा दी गयी।
- - - - - - - -
परिवहन विभाग के आग्रह पर सीएनजी परमिट पर रोक लगा दी गयी है। पुराने ऑटो वाले उसके बदले में सीएनजी ऑटो लें, उन्हें उसी परमिट के बदले परमिट दिया जाएगा। नये सीएनजी की संख्या में वृद्धि से यातायात व्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। परिवहन विभाग पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दे रही है।
- सुशील कुमार, दक्षिण बिहार क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप