अधिसूचना पर बोले सीएम, कई चरणों में चुनाव के अभ्यस्त हैं हम
चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली में बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कई चरणों में चुनाव को तो हम अभ्यस्त हैं। चुनाव आयोग की इस घोषणा का हमलोग स्वागत करते हैं। लंबे समय से चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रहे थे।
पटना। चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली में बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कई चरणों में चुनाव को तो हम अभ्यस्त हैं।
चुनाव आयोग की इस घोषणा का हमलोग स्वागत करते हैं। लंबे समय से चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रहे थे। कल ही घोषणा होने का इंतजार था, पर नहीं हुआ। देरी इतनी हो रही थी कि मन नहीं लग रहा था। अपने सात सर्कुलर रोड स्थित आवास पर बुधवार को वे संवाददाताओं से मुखातिब थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में चुनाव तो छह चरणों में भी हुए हैं। अधिक चरणों में चुनाव की जरूरत इसलिए पड़ती है कि सभी बूथों पर पारा मिलिट्री फोर्स को तैनात किए जाने की मांग रहती है। वैसे यह पूरी तरह से चुनाव आयोग पर छोडऩा चाहिए कि चुनाव कितने चरणों में हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पिछले तीन बार से हो रहा है कि बिहार में विधानसभा चुनाव के समय नवरात्र, दशहरा, दीपावली और छठ आता है। इस बार तो दीपावली के पहले चुनाव खत्म हो जाएंगे। इसी क्रम में मुख्यमंत्री से यह पूछा गया कि आप दीपावली मनाएंगे न? मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश के लोग दीपावली मनाते हैं सो वह भी निश्चित रूप से दीपावली मनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव की जो तारीखें आयी हैं उसमें गैप कम है। ऐसे में चुनाव प्रचार में कठिनाई तो होगी। वह चुनाव के लिए तैयार हैं या नहीं, इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी तैयारी सभी 243 सीटों पर है।