NDA विधायक दल की बैठक में बोले CM नीतीश- कोई कंफ्युजन नहीं रखें, केवल काम की बात करें
एनडीए विधायक दल व इसके पहले जेडीयू विधायक दल की बैठकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुंमार ने कहा कि सरकार ने काम किया है जिसे जनता समझती है। हमलोग काम की बदौलत चुनाव में जाएंगे।
पटना, स्टेट ब्यूरो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विधायकों (MLAs) को कहा कि वे कोई कन्फ्यूजन (Confusion) नहीं रखें। सरकार के काम को लेकर लोगों के बीच जाएं, कोई परेशानी नहीं होगी। सरकार ने हर क्षेत्र में विकास का काम किया है। लोग इसे समझते हैैं। भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी (Ashok Chaudhary) के आवास पर दो सत्रों में देर शाम तक हुई जनता दल यूनाइटेड (JDU), फिर बाद में एनडीए विधायक दल की बैठक में उन्होंने ये बातें कही। एनडीए विधायक दल की बैठक में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (Dy. CM Sushil Kumar Modi) भी मौजूद थे।
खास बात यह रही कि जेडीयू विधायक दल की बैठक के ठीक पहले कांग्रेस विधायक मुन्ना तिवारी (Congress MLA Munna Tiwary) पहुंच गए। उन्होंने नीतीश कुमार के काम की खूब तारीफ की। वैसे उन्होंने यह भी कहा कि वे प्रसाद देने आए थे।
काम की बदौलत चुनाव में जाएंगे
मुख्यमंत्री ने विधायकों को यह समझाया कि हमलोग काम की बदौलत चुनाव में जाएंगे। अगर कोई टिप्पणी करता है तो काम की बात करें। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही वे एनडीए के तीनों दलों के जिलाध्यक्षों की बैठक करेंगे। एनडीए के अन्य पदाधिकारियों के साथ जिलों में भी बैठकें होंगीं। कहा कि अगर विधायकों के कुछ मामले अटके पड़े हैैं तो उन्हें भी देखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, शिक्षा और बिजली के क्षेत्रों में काम के अतिरिक्त रोजगार के क्षेत्र में भी काम हुए हैं। तीन लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। उन्हें सेवा शर्तें भी दी गयी हैैं। वे धीरे-धीरे प्रगति करेंगे। महिला सशक्क्तीकरण की दिशा में भी काफी काम हुआ है। इन सब बातों को लेकर लोगों के बीच जाएं।
पूरी तरह से बिखरा हुआ है विपक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका अनुभव रहा है कि लोग सरकार के कार्यों को समझते हैैं। भीषण ठंड में उनकी यात्रा के दौरान भी लोग आते रहे। पर्यावरण से जुड़े विषय पर इतनी बड़ी संख्या में लोग मानव श्रृंखला में शामिल हुए। अगर उन्हें यह पसंद नहीं होता तो क्यों मानव श्रृ्ंखला में शामिल होते। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री लोग विधायकों की बात सुनें। विपक्ष में कुछ नहीं है। पूरी तरह से बिखरा हुआ है।
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कही ये बात
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इस मौके पर कहा कि रोजगार की बात करने वालों को यह जानना चाहिए कि उन लोगों के 15 वर्षों के शासन काल में मात्र 3800 राजपत्रित पदों पर नौकरियां मिलीं। जबकि, एनडीए के 15 वर्षों के शासनकाल में 22 हजार लोगों की नियुक्ति राजपत्रित पदों पर हुई। नौकरी की परीक्षा लेने वाली संवैधानिक संस्थाओं को एनडीए की सरकार में दुरुस्त किया गया। जबकि, राजद के काल में तो कई संस्थाओं के अध्यक्ष जेल गए।