विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Patna: ईद के मौके पर गांधी मैदान पहुंचे नीतीश कुमार, बोले- हम सभी धर्म को माननेवालों का करते हैं सम्मान

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Sat, 22 Apr 2023 11:20 AM (IST)

ईद के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान पहुंचे और लोगों को मुबारकबाद दी। उन्होंने ...और पढ़ें

ईद के मौके पर गांधी मौदान पहुंचे नीतीश कुमार, बोले- हम सभी धर्म को मानने वालों का करते हैं सम्मान
ईद के मौके पर गांधी मौदान पहुंचे नीतीश कुमार, बोले- हम सभी धर्म को मानने वालों का करते हैं सम्मान

पटना, जागरण डिजिटल डेस्क। बिहार समेत देशभर में आज ईद-उल-फितर मनाया जा रहा है। पटना में लोगों ने इस मौके पर गांधी मैदान में नमाज़ अदा की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पटना के गांधी मैदान पहुंचे और लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

उन्होंने कहा कि हम यहां 2006 से यहां आ रहे हैं। काफी संख्या में लोग आते है। यहां ईद बहुत अच्छे से आयोजित होती है। हम सबको बधाई देते हैं। सब लोगों के बीच प्रेम और भाईचारे का भाव होना चाहिए। हम सभी धर्म को मानने वालों का सम्मान करते हैं।

बता दें कि शुक्रवार को रमजान के आखिरी जुमे की नमाज पढ़ी गई। शाम को ईद का चांद नजर आने के बाद हाथ उठा कर उसका इस्तकबाल किया। चहुंओर ईद मुबारक-ईद मुबारक गूंज उठा। शहर से लेकर गांव तक लोग ईद की खुशियों में डूब गए। देर रात तक घरों में इसकी तैयारी होती रही। बाजार भी गुलजार रहा। हर उम्र के लोग अपनी पसंद की खरीदारी करने में जुटे रहे।

अधिकतर जगहों पर आठ से नौ के बीच नमाज

शनिवार को अधिकतर जिलों में आठ से नौ के बीच में नमाज अदा की गई। हालांकि, कुछ जगहों पर सुबह सात से साढ़े सात के बीच भी नमाज पढ़ी गई। ईदगाहों व मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे के गले लगकर मुबारकबाद दी।

ईद को लेकर पटना में हाई अलर्ट

ईद पर्व पर शांति-व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था को लेकर राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा बलों की चार दर्जन कंपनियां तैनात की गई हैं। पटना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यहां सर्वाधिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 29 कंपनी, क्षेत्रीय रिजर्व बल की 12 कंपनी के साथ केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की सात कंपनियों की भी तैनाती की गई है। पटना, रोहतास, नालंदा, गया, सिवान और दरभंगा जैसे जिलों में केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल भेजा गया है। 5700 गृहरक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है।