Weather News: मानसून की पहली बारिश में ही डूबे पटना के कई इलाके, जायजा लेने पहुंचे सीएम नीतीश
मानसून की पहली ही बारिश में पटना के कई इलाकों में जलजमाव हो गया है जिसका निरीक्षण करने खुद सीएम नीतीश कुमार अधिकारियों के साथ जा पहुंचे। उन्होंने पूरी स्थिति का खुद जायजा लिया।
पटना, जेएनएन। बिहार में मानसून सक्रिय है और पटना में गुरुवार की रात से शुक्रवार सुबह तक हुई झमाझम बारिश से कई इलाकों में जलजमाव हो गया है, जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मानसून की पहली बारिश में ही बिहार सरकार के जलजमाव से निपटने के लिए की गई तैयारियों की पोल खुल गई है। कई इलाकों में लोगों के घर में बारिश का पानी घुस गया है। शायद यही वजह है कि खुद सीएम नीतीश कुमार शुक्रवार की दोपहर पटना में जलजमाव की स्थिति देखने घर से निकले। उन्होंने कई इलाकों का भ्रमण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए।
सुबह 11 बजे निकले सीएम
सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को दिन के 11 बजे से पटना नगर निगम के सात अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा किया और सभी संप हाउस को खुद जाकर देखा। लगभग साढ़े तीन से चार घंटे तक किए गए दौरे में सीएम नीतीश कुमार ने पाटलिपुत्र कॉम्प्लेक्स, योगीपुर संप हाउस ड्रेनेज, पहाड़ी ड्रेनेज, बादशाही पइन, बस टर्मिनल बैरिया, गांधी सेतु इलाके समेत कई कंस्ट्रक्शन प्वाइंटों को देखा।
अधिकारियों की दीं हिदायतें
दरअसल, बारिश की वजह से होने वाले जलजमाव से राजधानी की स्थिति बीते साल जैसी नहीं हो इसे लेकर बुडको व नगर निगम की तैयारियों का जायजा लेने बारिश में ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को सड़क पर निकले। वह कई पंपिंग व संप स्टेशनों पर गए और अधिकारियों को हिदायतें दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलजमाव की स्थिति में पानी निकासी को ले चलने वाली मशीन को निर्बाध बिजली मिले, इसके लिए वैकल्पिक फीडर का इंतजाम आवश्यक है। रोस्टर के अनुसार, अधिकारियों एवं तकनीशियनों की प्रतिनियुक्ति की जाए तथा वे नियमित रूप से रहें इसकी मॉनिटरिंग की जाए।
ट्रांसफॉर्मर को और ऊंचाई पर लगाएं
योगीपुर ड्रेनेज पंपिंग प्लांट एवं एनबीसीसी प्लांट के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने नगर विकास विभाग के सचिव आनंद किशोर से पूरी जानकारी ली। इस पंपिंग स्टेशन से कंकड़बाग इलाके की जल निकासी होती है। मुख्यमंत्री ने यहां निर्देश दिया कि यहां ट्रांंसफॉर्मर को और ऊंचाई पर लगाएं, ताकि जल जमाव की स्थिति में भी निर्बाध बिजली की आपूर्ति होती रहे। मशीन बंद नहीं होना चाहिए।
एक तरफ पानी भर जाए तो उसे दूसरी तरफ ले जाएं
मुख्यमंत्री पहाड़ी स्थित संप हाउस भी पहुंचे और निरीक्षण किया। यहां उन्होंने यह निर्देश दिया कि अगर बाईपास इलाके के एक तरफ पानी अधिक हो जाए तो वैकल्पिक व्यवस्था कर पानी को दूसरे तरफ के नाले में पहुंचाने की व्यवस्था करें। दूसरे तरफ भी जल निकासी तेजी से हो इसकी व्यवस्था सुनिश्चत करें।
ट्रीटमेंट के बाद ही बादशाही नाला का पानी पुनपुन में गिरे
बादशाही नाला के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया कि इस नाले के पानी को ट्रीटमेंट के बाद ही पुनपुन में गिराया जाए। पुनपुन का पानी बाद में गंगा नदी में मिलता है। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि बादशाही नाला के किनारे-किनारे पक्की बाउंड्री बनाएं और नाला के किनारे सघन वृक्षारोपण भी कराया जाए।
निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस अड्डे का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस अड्डा का भी निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि इसके काम में तेजी लायी जाए। इसके बन जाने से पटना के लोगों को सहूलियत होगी। मुख्यमंत्री ने बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा प्रकाशित पत्रिका मानसून -2020 का लोकार्पण भी किया।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, जल संसाधन मंत्री संजय झा, मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सििचव चंचल कुमार, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव उदय सिंह कुमावत, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, अनुपम कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना के डीएम कुमार रवि व बुडको के निदेशक रमण कुमार भी शामिल थे।