CM नीतीश कुमार लगातार दूसरी बार बनेंगे JDU केे राष्ट्रीय अध्यक्ष, 30 को संभालेंगे कामकाज
बिहार के मुख्यमंत्री व जेडीयू सु्प्रीमो नीतीश कुमार आज पार्टी अध्यक्ष की अपनी दूसरी पारी के लिए नामांकन किया। उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 30 अक्टूबर को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कामकाज दोबारा संभालेंगे। उस दिन दिल्ली में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय परिषद में उनके दूसरे कार्यकाल के लिए निर्वाचन की घोषणा होगी। शुक्रवार को नीतीश कुमार की ओर से दिल्ली में जंतर-मंतर स्थित जेडीयू के केंद्रीय कार्यालय में उनके प्रतिनिधि विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी ने चार सेट में पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी अनिल हेगड़े के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके अलावा किसी और ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
नीतीश कुमार के प्रतिनिधि दिल्ली स्थित जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी अनिल हेगड़े के समक्ष पूर्वाह्न 11 बजे नामांकन पत्र दाखिल किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आफाक आलम व प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन आर्या के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन के बाद अब शनिवार को नामांकन पत्र की जांच होगी। छह अक्टूबर तक नाम वापस लिया जाना है। 13 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का एलान हो जाएगा। पूर्व कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय परिषद की बैठक 19 एवं 20 अक्टूूबर को राजगीर में होनी थी। विधानसभा उप चुनाव के मद्देनजर अब यह 30 अक्टूबर को दिल्ली में होगी।
नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के मौके पर जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद खान, दिल्ली प्रदेश जेडीयू अध्यक्ष दयानंद सिंह, युवा जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार, बिहार के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह, जेडीयू नेता नजमुल होदा एवं मिथिलेश कुमार सहित दर्जनों पदाधिकारी मौजूद थे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण का कार्यक्रम आरंभ किया जाएगा। इस बार पार्टी ने तय किया है कि युवा कार्यकर्ताओं की टीम को पटना में प्रशिक्षण देकर उनके माध्यम से जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रशिक्षण में चुनाव को केंद्र में तो रखा ही जाएगा, साथ ही साथ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक अभियान के बारे में भी जेडीयू अपने कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से बताएगा।