कक्षा 9 के छात्रों के लिए बड़ी खबर: NCERT का नया सिलेबस समझिए, अक्टूबर में जारी होगा गणित के फाइनल सिलेबस
NCERT ने नए स्कूली सिलेबस पर स्थिति स्पष्ट की है, जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप दक्षता-आधारित सीखने पर ...और पढ़ें

अक्टूबर में जारी होगा अंतिम सिलेबस
HighLights
NCERT ने नए स्कूली सिलेबस पर स्थिति स्पष्ट की है।
कक्षा 9 गणित में कोई विषय पूरी तरह नहीं हटाया गया।
अंतिम सिलेबस अक्टूबर में जारी होगा, दक्षता-आधारित सीखने पर जोर।
जागरण संवाददाता, पटना। राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने नए स्कूली सिलेबस को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-स्कूल शिक्षा (NCF-SE) 2023 के अनुरूप तैयार हो रहा नया सिलेबस अब केवल अध्यायों की संख्या पर आधारित नहीं होगा।
इसमें विद्यार्थियों में विकसित होने वाली दक्षताओं, सीखने के लक्ष्यों और विषयों को समझने की क्षमता पर ज्यादा जोर दिया जाएगा।
पहले जारी ड्राफ्ट सिलेबस को अंतिम नहीं माना गया था। इसे शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षाविदों से सुझाव लेने के लिए जारी किया गया था।
अक्टूबर में जारी होगा अंतिम सिलेबस
NCERT के अनुसार प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर अंतिम सिलेबस तैयार किया जा रहा है। इसे अक्टूबर में जारी किया जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को नए पाठ्यक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
NCERT ने स्कूलों, शिक्षकों और अन्य हितधारकों से कक्षा की पढ़ाई और मूल्यांकन की योजना सीखने की दक्षताओं के आधार पर तैयार करने का अनुरोध किया है।
कक्षा 9 गणित में कोई विषय पूरी तरह नहीं हटाया
कक्षा 9 की गणित के ड्राफ्ट सिलेबस को लेकर भी NCERT ने स्थिति साफ की है। परिषद के अनुसार कोई विषय पूरी तरह हटाया नहीं गया है। कुछ विषयों को अलग अध्याय के रूप में रखने के बजाय दूसरे अध्यायों में समाहित किया गया है।
इसका मतलब है कि छात्रों को किसी अवधारणा से पूरी तरह वंचित नहीं किया गया है। बल्कि अलग-अलग अध्यायों के बीच विषयों और उनके अनुप्रयोगों को जोड़कर समझने पर जोर दिया गया है।
रेखाएं और कोण की अवधारणाएं दूसरे अध्यायों में शामिल
NCERT के अनुसार ‘रेखाएं और कोण’ से जुड़े कई महत्वपूर्ण विचार कक्षा 6 की गणित की ‘प्रकाश’ पुस्तक में पहले से एक पूरे अध्याय के रूप में शामिल हैं। कक्षा 9 में इन्हें अलग अध्याय बनाने के बजाय अन्य अध्यायों में शामिल किया गया है।
‘प्रतिज्ञप्तियां और उनके विलोम’ तथा ‘चतुर्भुज’ जैसे अध्यायों में इन अवधारणाओं को शामिल किया गया है। यूक्लिडियन ज्यामिति के प्रमुख विचार भी कक्षा 9 की गणित पुस्तक के कई अध्यायों में विस्तार से समाहित किए गए हैं।
AI के दौर में एल्गोरिदम और डेटा पर जोर
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए विद्यार्थियों में एल्गोरिदम, डेटा संरचना और रनिंग टाइम दक्षता जैसी गणितीय अवधारणाओं की समझ विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
NCERT के अनुसार आधुनिक AI का आधार गणित है। ऐसे में विद्यार्थियों में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग विकसित करना महत्वपूर्ण है। इसी वजह से कक्षा 9 की गणित में एल्गोरिदम से जुड़ा अध्याय शामिल किया गया है।
छात्रों को रटने के बजाय समझने पर देना होगा जोर
नए सिलेबस में गणित और सामाजिक विज्ञान समेत सभी विषयों में दक्षता आधारित सीखने पर जोर रहेगा। किताबें निर्धारित सीखने के लक्ष्यों, दक्षताओं और विद्यार्थियों के अनुभवों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं।
NCERT ने स्पष्ट किया है कि केवल अध्यायों के शीर्षकों की संख्या देखकर पाठ्यक्रम का आकलन करना उचित नहीं होगा। छात्रों के लिए महत्वपूर्ण यह होगा कि वे विषय की अवधारणाओं को समझें, उनका इस्तेमाल कर सकें और सीखने के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करें।
