बिहार उपचुनाव: राजद-कांग्रेस का सुलझा पेंच, जहानाबाद पर NDA उलझा
उपचुनाव की तीन सीटों को लेकर चल रही खींचतान के बीच राजद-कांग्रेस ने विवाद सुलझा लिया है लेकिन एनडीेए में जहानाबाद सीट को लेकर पेंच अभीतक फंसा हुआ है।
बिहार में उपचुनाव को लेकर एनडीए में किचकिच जारी है। मामला जहानबाद की सीट को लेकर है, जिसपर जीतनराम मांझी ने अपना दावा ठोंका है और उनकी जिद के बाद बीजेपी यह सीट उन्हें देने का मन बना रही है। लेकिन इस सीट को लेकर अब रालोसपा के दूसरे गुट, अरूण गुट ने भी अपनी दावेदारी ठोक दी है।
अब एनडीए के लिए जहानाबाद की सीट मुश्किल का सबब बनता जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक अरूण गुट ने आज भाजपा नेता भूपेंद्र यादव से मलाकात की और अपनी मंशा जाहिर की है। तो वहीं जीतनराम मांझी को लेकर नित्यानंद राय ने भी भूपेंद्र यादव से मुलाकात की है।
अब जीतनराम मांझी और अरूण गुट में से जहानाबाद सीट किसे मिलेगी इस पर अंतिम मुहर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ही लगाएंगे। उनका फैसला ही अंतिम फैसला होगा।
वहीं दूसरी ओर राजद-कांग्रेस गठबंधन ने अपनी परेशानी सुलझा ली है। सीटोें को लेकर चल रहे विवाद को लेकर आज तेजस्वी यादव और कांग्रेस के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी ने संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित करते हुए अपने-अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया।
प्रेस कांफ्रेंस में तेजस्वी यादव ने कहा कि उपचुनाव में अररिया लोकसभा सीट से राजद के प्रत्याशी सरफराज आलम और जहानाबद से सुदय यादव हमारे उम्मीदवार होंगे। वहीं भभुआ सीट से कांग्रेस अपने उम्मीदवार का एलान करेगी।
दोनों नेताओं ने कहा कि राजद और कांग्रेस पूरी तरीके से संगठित हैं। आगे की लड़ाई के लिए भी हम पूरी तरह एकजुट हैं। न तो गठबंधन में कभी कोई समस्या आयी है और न आयेगी।