बड़ी खबर: BSSC पेपर लीक मामले में फरार चल रहे सीके अनिल ने ज्वाइन की डयूटी
बीएसएससी पेपर लीक मामले में कई महीनों से ड्यूटी से गायब चल रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सीके अनिल ने गुरुवार को डयूटी ज्वाइन कर ली।
पटना [राज्य ब्यूरो]। राज्य सरकार की सख्ती के बाद कई महीनों से ड्यूटी से गायब चल रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सीके अनिल ने गुरुवार को डयूटी ज्वाइन कर ली। करीब नौ महीने बाद उन्होंने अपना योगदान राज्य योजना पर्षद के परामर्शी के पद पर दिया है।
बीएसएससी पेपर लीक मामले में नाम आने के बाद से वह आठ मार्च 2017 से ड्य़ूटी पर नहीं आ रहे थे। राज्य सरकार ने 18 दिसंबर को नोटिस जारी कर अनिल को विभागीय जांच आयुक्त के सामने 10 दिनों के भीतर पेश होने का निर्देश दिया था। इसके पहले सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से भी उन्हें कई बार नोटिस जारी किया जा चुका था।
राज्य कर्मचारी चयन आयोग के ओएसडी रहे सीके अनिल के खिलाफ प्रश्नपत्र लीक मामले में आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुधीर कुमार का साथ देने का आरोप है। पिछले साल जनवरी-फरवरी में हुई इंटरस्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक का मामला गरमाया था।
आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष सुधीर कुमार और सचिव पर आरोप लगे थे। अध्यक्ष बीच में गायब हो गए तो ओएसडी पर कागजातों के साथ हेरफेर का आरोप लगा था। सरकार ने जांच के लिए एसआइटी गठित की थी। आठ मार्च 2017 को पूछताछ के लिए अनिल को नोटिस दिया गया तो वह गायब हो गए।
करीब दो महीने बाद मई में मुख्य सचिव को पत्र लिखकर अनिल ने सफाई दी थी। उनका कहना था कि वह भागे नहीं हैं, बल्कि दिल्ली में इलाज करा रहे है। उन्होंने 1 जून 2017 तक के लिए चिकित्सकीय अवकाश का आवेदन भेजा था, किंतु इसे नामंजूर कर दिया गया था। उसके बाद कई नोटिस जारी किए गए, किंतु अनिल ने एक का भी जवाब नहीं दिया।