CitizenshipAmendmentBill: विधेयक के खिलाफ बिहार में विपक्ष का धरना, किया विरोध
नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में बुधवार को बिहार में विपक्षी दलों ने धरना दिया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी के नेतृत्व में राजद ने बिल का विरोध किया। वहीं विरोध में कांग्रेस भी थी।
पटना, जेएनएन। नागरिकता संशोधन विधेयक (Citizenship Amendment Bill) के खिलाफ बुधवार को विपक्ष सड़क पर उतरा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के नेतृत्व में राजद (RJD) नेताओं ने पटना के जेपी गोलंबर के पास धरना दिया और राज्य की नीतीश सरकार और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उधर कांग्रेसियों ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा (Madabn Mohan Jha) के नेतृत्व में गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति से जुलूस निकाला और कारगिल चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। बाद में दोनों दल गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के पास इकट्ठा हुए और आगे भी विधेयक का विरोध करते रहने का संकल्प लिया।
नीतीश कुमार ने दिया जनता को धोखा
धरने का नेतृत्व तेजस्वी यादव ने किया औऱ कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक असंवैधानिक है। यह संविधान में स्पष्ट लिखा है कि देश को धर्म के आधार पर नहीं बांटा जा सकता। बिल लाकर भाजपा देश को धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है। तेजस्वी ने कहा कि देश का संविधान धर्म के आधार पर किसी को नहीं बांटता। संविधान सभी को बराबर का दर्जा देता है। हम देश को बचाने के लिए निकले हैं। देश को बचाना है। संविधान को बचाना है। हम देश को बांटने वालों के खिलाफ निकले हैं। नफरत फैलाने वालों के खिलाफ हमें लड़ाई लड़नी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? देश को तोड़ा जा रहा है और नीतीश कुमार हरियाली यात्रा पर घूम रहे हैं। उन्होंने जनता को धोखा दिया है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार खुद को गांधी, जेपी और लोहिया का शिष्य बताते हैं, लेकिन अब संघी हो चुके हैं। तेजस्वी ने नागरिकता संशोधन बिल को देश तोडऩे वाला काला कानून बताया और कहा कि संविधान सबको बराबर का हक देता है। किंतु केंद्र ने एक समुदाय को टारगेट पर लिया है। देश टूटने जा रहा है। सारे फैसले आधी रात में लिए जा रहे हैं। फिर भी नीतीश कुमार ने समर्थन दिया है। जदयू के स्टैंड से गांधी, जेपी और कर्पूरी की आत्मा रो रही होगी।
तेजप्रताप यादव ने कहा- चाचा फिर पलटी मार गए
धरने पर बैठे तेजप्रताप यादव ने भी इस दौरान बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा और कहा कि पलटी मार चाचा ने एक बार फिर पलटी मारा है। इस बिल के खिलाफ हमारा, पार्टी और महागठबंधन का विरोध सड़क से संसद तक लगातार जारी रहेगा। राजद के इस धरने को महागठबंधन में शामिल रालोसपा (RLSP), हम (HAM) और वीआईपी (VIP) ने भी समर्थन दिया है। राजद के इस धरने में पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह, अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत कई विधायक भी शामिल रहे।
उधर, कांग्रेस भी सड़क पर उतरी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जबरिया थोपे जा रहे बिल का देशव्यापी विरोध हो रहा है। असम, त्रिपुरा, मेघालय में लोगों ने इस बिल के खिलाफ प्रभावी बंद किया है। डॉ. झा ने कहा कि बिल के प्रावधान से 1985 का असम समझौता, जो तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार और असम के आंदोलनकारियों के बीच हुआ था अब निष्प्रभावी हो जाएगा। उन्होंने कहा, धर्म के आधार पर नागरिकता संशोधन विधेयक संविधान की प्रस्तावना के खिलाफ है और कांग्रेस पार्टी इसका लगातार विरोध करती रहेगी।