चिराग की BJP को दो-टूक: राम मंदिर पर LJP का अलग स्टैंड, विकास बने चुनावी मुद्दा
राम मंदिर व तीन तलाक के मुद्दों पर लोजपा भी भाजपा के स्टैंड के खिलाफ है। साथ ही मुंगेर लोकसभा सीट पर लोजपा का दावा बरकरार है। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
शेखपुरा [जेएनएन]। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान ने राम मंदिर व तीन तलाक के मुद्दों पर अपना स्टैंड साफ किया। चिराग ने कहा कि लोजपा राम मंदिर तथा तीन तलाक को विवादित मुद्दे मानती है। लोजपा का यह स्टैंड राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सबसे बड़े घटक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टैंड से अलग है। भाजपा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के समर्थन में तथा तीन तलाक की प्रथा के खिलाफ है। चिराग ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में विकास को चुनावी मुद्दा बनाया जाना चाहिए।
तीन तलाक व मंदिर निर्माण पर चिराग ने कही ये बात
शेखपुरा में चिराग पासवान ने कहा कि राम मंदिर तथा तीन तलाक को चुनावी मुद्दा बनाने से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को नुकसान हो सकता है। कहा कि राजग को विकास को चुनावी मुद्दा बनाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राजग विकास के मुद्दे पर ही लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी। चिराग ने कहा कि गत लोकसभा चुनाव में भी राजग ने विकास को चुनावी मुद्दा बनाया था।
मुंगेर लोकसभा सीट पर दावा बरकरार
राजग में मुंगेर साट को लेकर जदयू से लोजपा की खींचतान पर चिराग पासवान ने कहा कि इस सीट पर लोजपा का दावा बरकरार है। मुंगेर सीट के मुद्दे पर अभी तक किसी सहयोगी दल से औपचारिक बातचीत भी नहीं हुई है। अगर इस सीट के बदले कोई दूसरी सीट का प्रस्ताव आता है तो देखा जाएगा। उन्होंने लोक सभा चुनाव में बिहार में 35 से अधिक सीटों पर जीत का दावा किया।