NDA में अब 'नीच पॉलिटिक्स': कुशवाहा के खिलाफ गए चिराग, दिया नीतीश का साथ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास माने जाने वाले प्रशांत किशोर ने रामविलास पासवान व चिराग पासवान से मुलाकात की है। इसके बाद चिराग पासवान ने नीतीश के समर्थन में बयान दिया है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में ऑल इज वेल नहीं दिख रहा। गठबंधन के दो घटक दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) व राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) में घमासान मचा है। रालोसपा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) संसदीय बोर्ड के नेता व सांसद चिराग पासवान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में खड़े हो गए हैं। राजग में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर उन्होंने दुहराया कि सब कुछ सम्मानजनक तरीके से होगा।
विदित हो कि उपेंद्र कुशवाहा ने इन दिनों यह मुद्दा बनाया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में 'नीच' कहा था। इन 'नीच पॉलिटिक्स' की बाबत चिराग पासवान ने स्पष्ट तौर पर कहा कि नीतीश कुमार इस तरह की बात नहीं कह सकते।
प्रशांत किशोर ने की मुलाकात
लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान तथा उनके पिता व पार्टी सुप्रीमो रामविलास पासवान से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास माने जाने वाले प्रशांत किशोर ने भेंट की। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुलाकात औपचारिक थी।
किसी को नीच नहीं कह सकते नीतीश
इसके बाद चिराग ने उपेंद्र कुशवाहा द्वारा नीतीश कुमार पर अपने लिए 'नीच' शब्द के प्रयोग के आरोप पर कहा कि नीतीश कुमार के मुंह से किसी के लिए 'नीच' शब्द नहीं निकल सकता। विदित हो कि कुशवाहा इन दिनों यह मुद्दा बना रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में नीच कहा था।
सीट शेयरिंग कोई समस्या नहीं
राजग में सीट शेयरिंग से संबंधित प्रश्न पर चिराग ने कहा कि यह कोई समस्या नहीं है। सब कुछ सम्मानजनक तरीके से होगा। लोजपा तो आरंभ से ही अपनी सीटों की संख्या पर कह रही है। गठबंधन के लिए समझौते की बात भी हमने कही है। जदयू और भाजपा बिहार में राजग के बड़े दल हैं, इसलिए उनकी हिस्सेदारी स्वाभाविक रूप से अधिक होगी।
रामविलास पासवान के चुनाव लडऩे से संबंधित एक प्रश्न पर चिराग ने कहा कि अभी कुछ तय नहीं है।