बिहार में आंधी-पानी का कहर, सिवान में दीवार गिरने से बच्चे की मौत, वैशाली में जली फसल
बिहार में हुआ मौसम का बदलाव कहर लेकर आया है। राज्य में कई स्थानों में प्राकृतिक आपदा से नुकसान हुआ है।
पटना, जेएनएन। बिहार में अचानक आए मौसम में बदलाव से दो हादसे हो गए। शनिवार की देर रात तेज आंधी-पानी से सिवान में एक बच्चे की मौत हो गई। इसी तरह वैशाली में आंधी से खंभे के तार आपस में सट गए। जिससे निकली चिंगारी ने एक किसान की 15 बीघे की फसल को राख कर दिया।
बिहार के कई जिलों में देर रात तेज बारिश शुरू हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक सिवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खुरमाबाद में एक परिवार रहता था। घर का एक हिस्सा जर्जर था। उसी के बगल वाले कमरे में परिवार सो रहा था। इसमें दो बच्चे भी थे। शनिवार को जैसे ही तेज बारिश के बाद हवा चलनी शुरू हुई घर के जर्जर हिस्से की दीवार गिर गई। इसमें एक बच्चे की घटना स्थल पर ही दबने से मौत हो गई।
जबकि अन्य तीन घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तहर वैशाली के सदर प्रखंड की सुभई पंचायत के मजीराबाद गांव के बधार में शनिवार की देर रात आंधी से बिजली के तार सट गए। इससे चिंगारी निकलने लगी। इसके बाद तार नीचे गिर गए। जिससे किसान की करीब 15 बीघे में लगी गेंहू की फसल जल गई। राहत ये रही कि आंधी के बाद बारिश होने से आग आपने आप बुझ गई जिससे अन्य किसानों के खेतों में आग नहीं पहुंची।