बिहार की मछलियों की खरीद-बिक्री से हटाई जाएगी रोक, मुख्यमंत्री ने दिया आदेश
बिहार की मछलियों की खरीद-ब्रिक्री हो सकेगी। सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की मछली की ब्रिक्री से रोक हटाने का आदेश दे दिया है।
पटना, जेएनएन। बर्ड फ्लू के कारण मुर्गे से तौबा कर रहे लोग अब केवल मटन खाने तक ही सीमित नहीं रहेंगे। राज्य सरकार ने बिहार की मछली पर लगी रोक को हटाने का निर्णय लिया है। स्वाद के शौकीनों के लिए जल्द ही मछली खाने का विकल्प होगा। नीतीश सरकार राज्य के अंदर बाहर से आने वाली मछलियों पर नहीं, लेकिन बिहार की मछलियों की खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाने जा रही है।
मछली मुद्दे पर सीएम से की मुलाकात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के मुख्य सचिव दीपक कुमार को यह निर्देश दिया है कि राज्य के अंदर स्थानीय मछलियों के खरीद -बिक्री पर से रोक हटा दी जाए। इस मुद्दे पर खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी।
मुलाकात में मदन सहनी ने स्थानीय मछलियों पर से प्रतिबंध हटाने की मांग की थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को इस पर फैसला लेने का निर्देश दिया है। गुरुवार को मंत्री मदन सहनी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद खुद इसकी जानकारी मीडिया को दी है।
14 से खरीद-बिक्री पर लगी थी रोक
बताते चलें कि बिहार में आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आने वाली मछली के अंदर जानलेवा रसायन मिलने के बाद राज्य सरकार ने 14 जनवरी आदेश जारी कर बिहार के अंदर किसी भी तरह की मछली की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी थी।
वहीं आदेश न मानने वालों पर10 लाख रुपये जुर्माना और सात साल तक की सजा का प्रावधान किया गया था। मंत्री मदन सहनी की पहल के बाद उम्मीद जगी है। जल्द ही सरकार स्थानीय मछलियों पर लगा प्रतिबंध वापस ले सकती है।