देश में डेढ़ लाख वेलनेस सेंटर विकसित करेगी केंद्र सरकार
केंद्र सरकार देश में डेढ़ लाख इलनेस सेंटर (खस्ताहाल स्वास्थ्य केंद्रों) को वेलनेस सेंटर में विकसित करेगी।
पटना : केंद्र सरकार देश में डेढ़ लाख 'इलनेस सेंटर' (खस्ताहाल स्वास्थ्य केंद्रों) को वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित करेगी। इससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल पाएगी। इसके अलावा सरकार वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देगी। इसके लिए वेलनेस टूरिज्म सेंटर विकसित किए जाएंगे। इन सेंटरों पर मरीजों के प्राकृतिक वातावरण में इलाज किया जाएगा। मरीज जल्द ठीक होकर घर जाएं, इसके लिए चिकित्सा तकनीक बेहतर बनाई जाएगी। ये बातें रविवार को राजधानी के होटल मौर्या में डॉ. विल्मर श्वाबे इंडिया के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहीं। कार्यक्रम में राज्यभर से आए होमियोपैथिक चिकित्सकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि न केवल होमियोपैथी बल्कि आयुष के सभी चिकित्सा पद्धतियों को सरकार प्रोत्साहित कर रही है।
: रिसर्च पर जोर देने की जरूरत :
मंत्री ने कहा कि आयुष की विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों पर रिसर्च करना बहुत जरूरी है। इसके आधार पर ही दवाओं की गुणवत्ता परखी जा सकती है। भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद पर आधारित है। उसका लाभ लोगों को मिले, इसके लिए भी सरकार प्रयत्नशील है। मंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत एक वर्ष में देशभर में 48 लाख मरीजों का इलाज किया गया है। समारोह में आए अतिथियों का स्वागत संस्थान के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार ने किया। कार्यक्रम में डॉ. आरपी सिंह, डॉ. रतन, डॉ. नीतीश दूबे, डॉ. राजेश श्रीवास्तव सहित कई लोगों ने भाग लिया।
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - - -