बिहार में मकर संक्रांति की रही धूम, गंगा सहित विभिन्न नदी घाटों पर उमड़े श्रद्धालु
बिहार में मकर संक्रांतिि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालु सुबह से ही नदी घाटों पर उमड़ पड़े। इसके पहले कुछ लोगों ने सोमवार को भी मकर संक्रांति मनाया।
पटना [जेएनएन]। बिहार में दो दिनों मकर संक्रांति पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस बार पर्व शुभ मुहूर्त को ध्यान में रख अधिकांश लोगों ने इसे मंगलवार को मनाया। हालांकि, कुछ लोगों ने सोमवार को भी मकर संक्रांति का पर्व मनाया। पर्व को लेकर गंगा सहित बिहार के सभी नदी घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। स्थान-ध्यान के बाद श्रद्धालु दान-पुण्य में लगे रहे। इस दौरान मंदिरों में भी श्रद्धालु उमड़ पड़े।
गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी
पटना के गांधी घाट, काली घाट, बांस घाट, महावीर घाट आदि घाटों पर लोग गंगा में डुबकी लगा लोगों ने पूजा अर्चना की। गंगा में डुबकी लगाने के बाद घाट पर पूजा-अर्चना व दान-पुण्य कर ब्राह्मणों से आशीष लेने का सिलसिला सुबह से ही जारी रहा।
राज्य के अन्य नदी घाटों पर भी उमड़े श्रद्धालु
राज्य के अन्य इलाकों में भी विभिन्न नदियों के घाटों पर श्रद्धालु उमड़ पड़े। वहां भी स्थान-पूजा व दान-पुण्य का सिलसिला चलता रहा। स्थान-पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने दूध-दही के साथ चूड़ा-तील आदि का सेवन किया।
कल भी चला स्नान-ध्यान-दान का सिलसिला
इसके पहले सोमवार को भी लोगों ने मकर संक्रांति का पर्व मनाया। इसे लेकर कल भी गंगा सहित विभिन्न नदी घाटों पर स्नान-ध्यान-दान का सिलसिला चला।
पतंग उड़ा मनाया संक्रांति का पर्व
राज्य के विभिन्न इलाकों में युवाओं की टोली कल से ही पतंग उड़ा जमकर मस्ती करती रही। पटना के इको पार्क, राजधानी वाटिका में हर उम्र के लोग पतंग उड़ाते दिखे।
दूध-दही की खपत बढ़ी
पटना डेयरी प्रोजेक्ट के प्रबंध निदेशक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सुधा की दही न केवल राजधानी में बल्कि सूबे के विभिन्न जिलों में की गई। केवल राजधानी में ही पिछले चार दिनों में तीन लाख किलो से अधिक की बिक्री हो चुकी है। मंगलवार को लगभग एक लाख किलो दही बिक्री हुई।
हर काउंटर पर दूध व दही रहा उपलब्ध
पटना डेयरी प्रोजेक्ट के प्रबंध निदेशक सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि राजधानी के हर जगह सुधा काउंटर हैं। वहां पर्याप्त मात्रा में दूध एवं दही उपलब्ध रहे। राजधानी में पिछले तीन दिनों से छह गाडिय़ां दही एक्सप्रेस के रूप में दौड़तीं रहीं। जहां भी दही या दूध की जरूरत हुई, एक गाड़ी भेज दी गई।
अब 22 को दही खाओ प्रतियोगिता
पटना डेयरी प्रोजेक्ट की ओर से आगामी 22 जनवरी को दही खाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें 500 प्रतिभागियों को भाग लेने की उम्मीद है। 16 जनवरी से इसके लिए पंजीयन प्रारंभ हो जाएगा। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को पुरस्कृत किया जाएगा।
दो दिनों से चल रहा सियासी चूड़ा-दही भोज
राजनीतिक गलियारों में भी दो दिनों से मकर संक्रांति का चूड़ा-दही भोज चला। सोमवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों ने चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया, जिनमें राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी सहित अधिकांश मंत्रियों व विधायकों ने शिरकत की।
इसके बाद मंगलवार को विपक्षी महागठबंधन के घटक दल कांग्रेस का चूड़ा-दही भोज हुआ। हालांकि, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने चूड़ा-दही भोज का आयोजन नहीं किया। माना जा रहा है कि इसका कारण पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जेल में रहना है।