CEC ज्ञानेश कुमार आ रहे बिहार, तीन जिलों में पहुंचेंगे; फिर नालंदा में होने वाला है बड़ा कार्यक्रम
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं, जहां वे वैशाली, मधुबनी और सीतामढ़ी का दौरा करेंगे। ...और पढ़ें

भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार
HighLights
सीईसी ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय बिहार दौरा, चुनाव तैयारियों का जायजा।
वैशाली, मधुबनी, सीतामढ़ी में जिला निर्वाचन अधिकारियों से करेंगे संवाद।
नालंदा में 500 बीएलओ, पटना में छात्रों को देंगे निर्वाचन ज्ञान।
राज्य ब्यूरो, पटना। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार उच्चस्तरीय दल के साथ रविवार से दो दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे।
पहले दिन वे वैशाली, मधुबनी और सीतामढ़ी का दौरा करेंगे। इस दौरान तीनों जिलों के जिला निर्वाचन तंत्र के साथ संवाद करेंगे।
ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भी करेंगे अवलोकन
बिहार प्रवास के दौरान सीईसी राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का भी अवलोकन करेंगे। उनके दौरे को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
नालंदा में 500 बीएलओ से सीधे संवाद
सोमवार को सीईसी नालंदा विश्वविद्यालय के सुषमा स्वराज सभागार में बिहार के 500 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से संवाद करेंगे।
पिछले एक वर्ष से विभिन्न राज्यों के दौरे के दौरान बीएलओ से संवाद करने का सिलसिला जारी रखते हुए बिहार में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जमीनी चुनौतियों और निर्वाचन प्रक्रिया पर होगी चर्चा
बीएलओ के साथ संवाद के दौरान उनके अनुभवों और जमीनी चुनौतियों पर सीधे चर्चा होगी। निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, सरल और सुगम बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर निर्वाचन कार्य से जुड़े अनुभवों को आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
ज्ञान भवन में विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे निर्वाचन साक्षरता का पाठ
पटना के गांधी मैदान के पास स्थित ज्ञान भवन में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएससी) 2.0 और ईसीआइनेट पर एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित होगा।
सीईसी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें निर्वाचन साक्षरता से जुड़े विषयों की जानकारी देंगे।
400 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी होंगे शामिल
सम्मेलन में बिहार के 400 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों से हजारों विद्यार्थी, शिक्षक, कुलपति, प्राचार्य और संस्थान प्रमुख भाग लेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बिहार सरकार के मुख्य सचिव, विकास आयुक्त और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी सम्मेलन में शामिल होंगे।
आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल
सीईसी के साथ वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आइटी डा. सीमा खन्ना समेत आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी बिहार आएंगे। प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से समन्वय किया जा रहा है।
एयरपोर्ट पर वरिष्ठ अधिकारी करेंगे स्वागत
सीईसी ज्ञानेश कुमार के बिहार आगमन पर पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करेंगे।
