CBSE 10th Result: जनसेवा के लिए डॉक्टर बनना चाहता बिहार टॉपर रोहित
सीबीएसई की 10वीं परीक्षा का बिहार टॉपर रोहित राज स्कूल के अलावा रोजाना तीन.चार घंटे पढ़ाई करता था। वह बड़ा होकर जनसेवा के लिए डॉक्टर बनना चाहता है।
पटना [पटना]। 99.2 फीसद अंकों के साथ सीबीएसई 10वीं में बिहार स्टेट टॉपर रोहित राज ने 10वीं की पढ़ाई राजधानी के मीठापुर स्थित अपनी नानी के घर रहकर की है। मूलरूप से राजगीर के रहने वाले एवं डीएवी पब्लिक स्कूल, खगौल (पटना) के छात्र रोहित नियमित कक्षा के रोज तीन-चार घंटे पढ़ाई करता था। जनसवेा उसके जीवन का लक्ष्य है। इसके लिए वह डॉक्टर बनना चाहता है। इस लक्ष्य के लिए उसने अभी से ही मेहनत आरंभ कर दी है।
सीबीएसई की 10वीं परीक्षा में स्टेट टॉपर बने रोहित ने बताया कि लगातार पढ़ाई के दौरान जब मन भारी होता था, तो वह शाम में बैडमिंटन खेलता था। जब टीवी देखने का मन करता था तब डिस्कवरी और नेशनल ज्योग्राफिक चैनल देखता था। दोस्तों के साथ ग्रुप डिस्कशन करना भी करना उसे खूब पसंद था। जब समय मिलता था तो वह दोस्तों के साथ साइंस सिटी, गोलघर व म्यूजियम जाता था।
पढ़ाई की बाबत कहा कि चाचा पप्पू कुमार खुद घर में पढ़ाते थे। मां अनुराधा कुमारी और पिता संजय कुमार का भी खूब सहयोग मिलता था। स्कूल में शिक्षक भी खूब रिवीजन कराते थे।
रोहित ने बताया कि उसके जीवन का लक्ष्य है कि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों की सेवा करे। इसके लिए वह डॉक्टर बनना चाहता है। इस लक्ष्य के लिए उसने अभी से ही मेहनत आरंभ कर दी है।