बिहार स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता 'तरंग' छह अगस्त से, कैलेंडर जारी
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने बिहार स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता तरंग प्रतियोगिता का कैलेंडर जारी कर दिया है। इसका आयोजन छह अगस्त से होगा।
पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता तरंग का आयोजन 6 अगस्त से होगा। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने प्रतियोगिता का कैलेंडर निर्धारित करते हुए इसे जारी कर दिया है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में राज्य के बेहतर प्रदर्शन के लिए संकुल स्तर पर प्रतिभावान खिलाडिय़ों की खोज की जाएगी। परियोजना परिषद द्वारा प्रतियोगिता उच्च विद्यालयों के खेल मैदान या किसी अन्य मैदान में करायी जाएंगी।
यह खेल प्रतियोगिताएं अंडर 14 और अंडर 17 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए होगी। प्रतियोगिता के लिए सरकारी मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालयों के साथ ही मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को भी शामिल किया जाएगा। अंडर -14 आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संकुल से राज्य स्तर तक 100, 200, 400 मीटर दौड़ के अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉट पुट डिस्क थ्रो, 4 गुना 100 मीटर रिले दौड़ की प्रतियोगिताएं होंगी।
17 आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रखंड स्तर से शुरू होकर राज्य स्तर तक 100, 200, 400, 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ के साथ 4 गुना 100 मीटर रिले दौड़ होगी। लंबी कूद ऊंची कूद , डिस्क थ्रो और जेबलिंग थ्रो प्रतियोगिताएं भी होंगी।
परियोजना परिषद की ओर से जारी कैलेंडर के मुताबिक संकुल स्तर पर प्रतियोगिताएं 6 से 10 अगस्त, प्रखंड स्तर पर 17 से 25 अगस्त, जिला स्तर पर चार से 11 सितंबर के बीच होंगी। 25 से 28 सितंबर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। यहां चयनित खिलाडिय़ों को राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा 15 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।