गंगा स्नान कर लौटी महिला तो लुट गई थी चार बीघा जमीन, बक्सर में तीर्थ कराने वाले ने ऐसे लगाया चूना
बिहार की एक महिला गंगा स्नान करने के चक्कर में बुरी तरह लुट गई। मामला बक्सर जिले का है। महिला को उसके गांव के ही एक शख्स ने गंगा स्नान कराने का वादा किया था और जिला मुख्यालय लेकर गया था।
17 जून 2022 का मामला
महिला को नहीं है कोई संतान
पीड़ित महिला निसंतान और वृद्ध है। महिला की उम्र करीब 75 वर्ष हो गई है। उन्हें आंखों से भी कम दिखाई देता है। महिला को धोखा देकर करीब साढ़ चार बीघा जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने के मुख्य आरोपित नदांव निवासी अरविंद कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पीडि़ता द्वारा एसपी से इसकी शिकायत करने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। इस मामले में अभी तीन अन्य आरोपित शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में लगी है।
पीडि़ता के अनुसार फर्जीवाड़ा की यह घटना 17 जून 2022 की है, तब आरोपित अरविंद कुमार सिंह ने उनको गंगा स्नान के बहाने घर से बक्सर लेकर आया और धोखे से उनकी साढ़े चार बीघा जमीन अपने नाम करा ली। बाद में जब 75 वर्षीय और आंखों से कम दिखाई देने वाली पीडि़ता को इसकी जानकारी हुई तब वह न्याय पाने के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाने लगीं।
एसपी से शिकायत के बाद एक्शन में पुलिस
इस संबंध में मुफस्सिल पुलिस को आवेदन देने के बाद भी जब पुलिस ने न तो प्राथमिकी दर्ज की और न कोई कार्रवाई की। तब पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी समस्या बताते हुए उनसे न्याय की मांग की। इस बीच एसपी के सख्त तेवर के बाद मुफस्सिल पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपित अरविंद कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य भी आरोपित हैं जिनकी इस फर्जीवाड़ा में अहम भूमिका रही है उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
बक्सर में गंगा स्नान करने आते हैं श्रद्धालु
बक्सर को लोग मिनी काशी के तौर पर भी जानते हैं। यहां गंगा स्नान करने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं। बक्सर के अलावा भोजपुर, रोहतास, कैमूर और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और बलिया जिले के लोग भी यहां गंगा स्नान करने के लिए आते हैं। मान्यता के अनुसार बक्सर में ही भगवान राम ने ताड़का का वध किया था।