विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के फ्लैंक में दरार, एहतियातन बंद हुआ पुल; रेलवे ने बताया अपना हिस्सा सुरक्षित

Published: Fri, 05 Jun 2026 08:37 PM (IST)

बक्सर में हाल ही में खुले इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के फ्लैंक हिस्से में दरार आने के बाद पुल को एहतियातन ...और पढ़ें

निर्माण गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल

निर्माण गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल

HighLights

  1. बक्सर इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के फ्लैंक में दरार मिली।

  2. सुरक्षा कारणों से पुल पर आवागमन अस्थायी रूप से रोका गया।

  3. रेलवे का हिस्सा सुरक्षित, राज्य निर्मित फ्लैंक की जांच जारी।

जागरण संवाददाता, पटना। बक्सर में हाल ही में शुरू हुए इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के फ्लैंक हिस्से में आंशिक दरार मिलने के बाद पुल को एहतियातन बंद कर दिया गया है।

संबंधित एजेंसियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल पुल पर आवागमन रोक दिया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और तकनीकी टीमों ने स्थिति का जायजा लिया।

30 मई को हुआ था उद्घाटन

लेवल क्रासिंग गेट संख्या-70 पर बने इस रेलवे ओवरब्रिज को 30 मई को आम यातायात के लिए खोला गया था।

उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद फ्लैंक हिस्से में दरार दिखाई देने से निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रेलवे ने दी सफाई

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चंद्र ने स्पष्ट किया कि रेलवे ट्रैक के ऊपर बना पुल का हिस्सा पूरी तरह सुरक्षित है।

उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा निर्मित संरचना में किसी तरह की तकनीकी खामी नहीं पाई गई है और ट्रेन संचालन पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

फ्लैंक हिस्सा राज्य एजेंसी ने बनाया

रेलवे के अनुसार ओवरब्रिज का फ्लैंक हिस्सा बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया है।

वहीं रेलवे ट्रैक के ऊपर का मुख्य पुल भारतीय रेलवे ने बनाया है। दरार फ्लैंक हिस्से में दिखाई दी है, जबकि रेलवे के हिस्से में कोई समस्या सामने नहीं आई है।

भारी वाहनों पर पहले ही लग चुकी थी रोक

सुरक्षा कारणों से पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पहले ही रोक दी गई थी।

दरार की सूचना मिलने के बाद अब सभी प्रकार के यातायात पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

विशेषज्ञ कर रहे तकनीकी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों की टीम द्वारा विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।

रेलवे और राज्य सरकार की संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ स्थिति की निगरानी कर रही हैं।

जांच रिपोर्ट आने के बाद दरार के कारणों और आवश्यक मरम्मत कार्यों पर फैसला लिया जाएगा।

निर्माण गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल

हाल के दिनों में बिहार में पुलों और संपर्क मार्गों से जुड़ी घटनाओं के बीच इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज में आई दरार ने एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर बहस छेड़ दी है।

हालांकि फिलहाल प्रशासन का फोकस सुरक्षा सुनिश्चित करने और तकनीकी कारणों की पहचान करने पर है।

यह भी पढ़ें- बिहार में ध्वस्त होते पुल, टूटता भरोसा: आखिर जिम्मेदार कौन?