बिहार चुनाव 2020ः औरंगाबाद में चुनाव ड्यूटी पर जा रहे जवानों से भरी बस खंभे से टकराकर पलटी, आठ घायल
देव थाना क्षेत्र के देव-अम्बा पथ पर सिंचाई कॉलोनी के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार बस पलट गई। बस में सैप जवान सवार थे। घटना में आठ जवान घायल हो गए हैं। दुर्घटना का कारण बस चालक का शराब के नशे में धुत होना बताया जा रहा है।
औरंगाबाद, जेएनएन। देव थाना क्षेत्र के देव-अम्बा पथ पर सिंचाई कॉलोनी के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार बस पलट गई। बस में सैप जवान सवार थे। घटना में आठ जवान घायल हो गए हैं। दुर्घटना का कारण बस चालक का शराब के नशे में धुत्त होना बताया जा रहा है। घायल जवानों में नरेश ठाकुर, दयाराम प्रसाद, मिथिलेश राय, जीपी सिंह, एपी पाल, दीपचंद राय, तपेश्वर कुमार शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगो की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगो की मदद से सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची देव थाना पुलिस ने सभी घायल जवानों को उपचार के लिये स्थानिय अस्पताल में भेजा। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है।
पुलिस के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर कल 28 अक्टूवर को प्रथम चरण का मतदान होना है। मतदान को लेकर पुलिस बलों की अलग अलग जगहों पर तैनाती की जा रही है। इसी क्रम में देव प्रखंड के ढिबरा थाना में तैनात सैप के जवान बस से अपनी ड्यूटी के लिये पुलिस लाइन जा रहे थे। इसी बीच बस का चालक चट्टी बाजार में गाड़ी रोककर कहीं चला गया और उधर से शराब के नशे में धुत्त होकर लौटा। गाड़ी चलाने के दौरान जवानों ने चालक को बस धीरे-धीरे चलाने की हिदायत दी, बावजूद इसके चालक ने गाड़ी को तेज रफ्तार में चलाना शुरू कर दिया। गाड़ी जैसे ही सिंचाई कॉलोनी के पास पहुंची कि बिजली के खंभे से टकराते हुए पलट गई। गाड़ी पलटने से सैप के आठ जवान घायल हो गए। थानाध्यक्ष वंकेटेश्वर ओझा ने बताया कि सूचना मिलते ही एसआइ जायेंद्र भारती को मौके पर भेजा गया। सभी जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी पर भेज दिया गया है। जवानों का सामान और हथियार भी सुरक्षित हैं, जबकि चालक मौके से फरार है। मामले की जांच की जा रही है।