रेलवे में होनेवाली है बंपर बहाली, 6000 पदों पर आवेदन के लिए रहें तैयार
रेलवे में बंपर बहाली होनेवाली है। पूर्व-मध्य रेल में करीब 3000 पद चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा वर्तमान में पूर्व मध्य रेलवे के लिए 6000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
पटना, जेएनएन। युवाओं को भारतीय रेल से जुडऩे का सुनहरा मौका मिलने वाला है। रेलवे शीघ्र ही सभी रिक्त पदों पर देश के विभिन्न रेल भर्ती बोर्ड/रेल भर्ती सेल के माध्यम से सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। नई भर्ती के लिए पूर्व-मध्य रेल में करीब 3000 पद चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा वर्तमान में पूमरे के लिए 6000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
प्रत्येक जोन द्वारा रिक्तियों की गणना दो भाग में की जाएगी। इनमें वैसे अलग-अलग पद शामिल होंगे जो पहली जनवरी 2019 तक विभिन्न विभागों में रिक्त हैं। इसी तरह अगले दो वर्ष तक रिक्त होने वाले पदों के विरुद्ध भी भर्तियों का विवरण तैयार करने को कहा गया है।
रेलवे बोर्ड द्वारा सभी जोन को कहा गया है कि कोटिवार रिक्तियों का विवरण नए आरक्षण नियमों के अनुसार इसी माह की 14 तारीख तक रेल भर्ती बोर्ड को उपलब्ध करा दें ताकि भर्ती बोर्ड द्वारा चयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो सके।
नॉन-टेक्निकल ग्रेजुएट, नॉन-टेक्निकल अंडर-ग्रेजुएट, पारा मेडिकल और लेवल-1 कैटेेगरी की भर्ती की तैयारी प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। भर्ती बोर्ड द्वारा इसी माह में इन रिक्तियों की अधिसूचना जारी किए जाने की उम्मीद है। सभी भर्तियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी होंगी।