पटना में 70 घरों को जमीदोंज करने पहुंचा बुलडोजर,फायरिंग, पथराव के बाद भारी बवाल, 12 अरेस्ट
Patna News रविवार की सुबह पटना के राजीव नगर थाना इलाके के नेपाली नगर में भारी बवाल हुआ। 14 जेसीबी दो हजार पुलिस के साथ प्रशासन 70 मकानों को जमींदोज करने पहुंची थी। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया।
पटना, जागरण संवाददाता। पटना में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने रविवार को बड़ा एक्शन लिया। करीब दर्जनों बुलडोजर के साथ भारी संख्या में पुलिस की टीम राजीव नगर थाना के नेपाली नगर पहुंची। प्रशासन का कहना है कि बिहार हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर अवैध कब्जा कर ये घर बनाए गए हैं। टीम 70 मकानों को जमींदोज करने पहुंची थी। इस दौरान भारी बवाल देखने को मिला। पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले दागे। विरोध के बीच कुछ घरों पर बुलडोजर भी चलाया गया। लेकिन स्थानीय लोगों का विरोध बढ़ता गया और पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सिटी एसपी अमरीश राहुल को भी गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान पुलिस ने एक दर्जन लोगों को अरेस्ट भी कर लिया है।
आगे भी जारी रहेगा एक्शन- डीएम
दीघा आवास विवाद मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करने पहुंचे बीघा भूमि आवास बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष नाथ सिंह एवं महासचिव विजेंद्र सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है । फिलहाल उन्हें राजीव नगर थाना परिसर में रखा गया है । प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार उन्हें कोतवाली ले जाने की तैयारी चल रही है। इसके पूर्व भी राजीव नगर मामले में किए गए घेराव मामले में दोनों नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके साथ ही पटना जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि एक दर्जन लोगों को अरेस्ट किया गया है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानील लोगों का उग्र प्रदर्शन
रविवार को चिन्हित 70 घरों को तोड़ने पहुंची पुलिस का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। लेकिन प्रशासन का एक्शन जारी रहा। जिसके बाद गुस्से में स्थानीय लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। पत्थरबाजी में कई पुलिस वाले घायल हुए हैं। लोग सिलेंडर को आग के हवाले कर प्रदर्शन कर रहे हैं। भारी बवाल के बाद राजीव नगर थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डीएम और एसएसपी के मौके पर पहुंचने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।