बुलबुल का उड़ान पर असर, कोलकाता से पटना आने वाले पांच विमान रद, फंसे सैकड़ों यात्री Patna News
बुलबुल तूफान का असर विमानों की उड़ान पर पड़ा है। कोलकाता से बिहार की राजधानी पटना आने वाले पांच विमानों का परिचालन रद कर दिया गया है।
पटना, जेएनएन। कोलकाता में आए बुलबुल तूफान का असर विमानों की उड़ान पर पड़ा है। कोलकाता से पटना आने वाले पांच विमानों का परिचालन रद कर दिया गया है। इससे कोलकाता से पटना आने वाले सैकड़ों यात्री वहीं फंसे गए हैं। कोलकाता से पटना आने वाली इंडिगो की तीन, स्पाइस जेट व गो एयर की एक-एक फ्लाइट को रद करना पड़ा। इनके यात्रियों को कोलकाता के होटल में ठहराना पड़ा।
कोलकाता से पटना आने वाली उड़ान संख्या एसजे 377 के कुछ यात्री एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। हालांकि स्पाइस जेट प्रबंधन की ओर से उन्हें मोबाइल पर विमान के रद होने की सूचना भेज दी गई थी। प्रबंधन की ओर से इन यात्रियों को कोलकाता के ही एक होटल में ठहराया गया। इसके साथ ही कोलकाता से देर शाम को आने वाली इंडिगो की विमान संख्या 6 ई 114, 6 ई 688 एवं 6 ई 7717 को भी बुलबुल तूफान के कारण रद करना पड़ा। इसके यात्रियों को भी कोलकाता में ही ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। गो एयर को भी एक विमान तूफान के कारण रद करना पड़ा। इन विमानों के अचानक रद करने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राज्य में 14 नवंबर से ठंड बढऩे की संभावना
बिहार में 14 नवंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढऩे की संभावना है। प्रदेश में कुछ जगहों पर 12 नवंबर से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शनिवार को पटना सहित प्रदेश भर के तापमान में औसत दो डिग्री सेल्सियस वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 13 नवंबर तक अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर रहने की संभावना है।
रविवार की सुबह से ही धूप देखने को मिली। रोज की अपेक्षा ठंडी हवा और धुंध से पटनावासियों को राहत मिली है। इस बीच तापमान में परिवर्तन हुआ है। राजधानी में रविवार को तापमान न्यूनतम में 20.6 पर पहुंच गया है। अधिकतम में आंकड़ा 30.2 पर आ गया है।
शनिवार की सुबह पटना की हवा में नमी की मात्रा सामान्य से अधिक रहने के कारण सर्दी का अहसास किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान बढ़कर 20.9 डिग्री और अधिकतम 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री और अधिकतम 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री और अधिकतम 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को सुबह आंशिक रूप से धुंध छाई रहेगी। पटना सहित पूरे प्रदेश में आंशिक बादल के कारण धूप मद्धिम रहेगी।