4017 करोड़ का होगा पटना नगर निगम का बजट
पटना नगर निगम का बजट वित्तीय वर्ष 2020-21 में 4017 करोड़ रुपये के आसपास का होगा।
पटना। पटना नगर निगम का बजट वित्तीय वर्ष 2020-21 में 4017 करोड़ रुपये के आसपास का होगा। 3867 करोड़ का स्वरूप तैयार हो गया है। इसके अतिरिक्त सभी 75 वार्ड पार्षदों को दो-दो करोड़ रुपये अपने-अपने वार्ड में खर्च के लिए रहेंगे। इसमें कुछ राशि बढ़ भी सकती है। बजट का स्वरूप इस वर्ष नहीं बढ़ पाएगा।
पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू ने बजट को अंतिम रूप देने के लिए पांच मार्च को सशक्त स्थायी समिति की बैठक बुलाई है। बजट में पुरानी झलक ही दिखेगी। स्वीकृत योजनाओं पर कार्य नहीं हो रहा है। मॉल बनाने से लेकर कई योजनाओं की शुरुआत तक नहीं हो सकी है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 4064 करोड़ का बजट पेश हुआ था। हालांकि अधिकांश योजनाएं धरातल पर नहीं उतर सकी हैं। राजस्व वृद्धि की योजना भी प्रभावित हो गई थी। पिछले वर्ष नगर निगम ने 82 करोड़ रुपये राजस्व वसूली की थी। इस बार इससे कम राजस्व आने की संभावना है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में वार्ड पार्षद अपने वार्ड को मिले दो-दो करोड़ रुपये खर्च करने में सफल रहे। नई गाड़ियों की खरीद हुई है। बजट में चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत अधिकांश योजनाओं को पुन: शामिल किया जा रहा है। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई नगर निगम की जमीनों पर चारदिवारी निर्माण की योजना को भी स्वीकृति मिलेगी।
महापौर सीता साहू का कहना है कि बजट को पांच मार्च को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। होली के दो-तीन दिन के बाद नगर निगम बोर्ड की बैठक में बजट पेश किया जाएगा। सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. आशीष कुमार सिन्हा के अनुसार नगर आयुक्तों के स्थानांतरण और पटना के जलजमाव की चपेट में आने के कारण कई परियोजनाएं प्रभावित हो गई हैं। सभी योजनाओं को बजट में स्थान देकर प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।