पटना के P&M Mall के पास गोली मारकर भाग रहे कुख्यात से घायल ने छीनी पिस्टल Patna News
राजधानी में दिनदहाड़े फिर बड़ी वारदात हुई है। पटना के पॉश इलाके पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में चाय दुकानदार को गोली मार दी गई। वारदात के कुछ ही देर बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पटना, जेएनएन। राजधानी की सुबह एक बार फिर क्राइम की बड़ी वारदात से हुई है। पटना के पॉश इलाके पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के बीएसएनएल ऑफिस गेट के पास बुधवार की सुबह चाय दुकानदार को गोली मार दी गई है। वारदात के अंजाम देकर भाग रहे अपराधी से घायल दुकादार ने पिस्टल छिना ली। पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मौके पर पहुंच पिस्टल और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया गया। घायल के बयान पर पुलिस ने मैनपुरा के कुख्यात मुनचुन को नामजद अभियुक्त बनाया है। घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने मुनचुन को गिरफ्तार कर लिया है।
पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के सरदार पटेल नगर निवासी दीनानाथ की चाय की दुकान है। बुधवार की सुबह भी वह अपनी दुकान में बैठे थे। उनके दोस्त और कुछ ग्राहक भी चाय पी रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सुबह करीब साढ़े सात बजे दो बाइक पर छह बदमाश पहुंचे। सीधे दीनानाथ के पास गए और बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान दोनों में विवाद हो गया। फिर बदमाश ने कमर से पिस्टल निकाली।
दुकानदार बदमाश के हाथ से पिस्टल छीनने लगा। दुकान में पहले से बैठे दीनानाथ के दोस्त भी बदमाश से भिड़ गए। बदमाश ने दीनानाथ में एक राउंड फायर झोंक दिया। गोली हाथ को छूकर निकल गई। दूसरी बार उसने हवाई फायरिंग की। इसी बीच दुकानदार बदमाश के हाथ से पिस्टल छीन लिया और धक्का मुक्की शुरू हो गई। बदमाश मौका देख अपने साथियों के साथ फरार हो गए।
फायरिंग की सूचना पाकर पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। छानबीन में पता चला कि मैनपुरा निवासी मुनचुन अपने साथियों के साथ दीनानाथ की दुकान पर आया था। मुनचुन पूर्व में भी हत्या, रंगदारी मामले में जेल जा चुका है। घटना के चंद घंटों बाद ही पुलिस ने मुनचुन को गिरफ्तार कर लिया। मुनचुन और दुकानदार के बीच किस बात को लेकर विवाद चल रहा था इस बाद की जांच की जा रही है।