बिहार में किसके खिलाफ बिगुल फूंकेगा BS4? अनिल कुमार ने किया प्रदेश कमिटी में कई नामों का एलान
पटना में बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति (BS4) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने बिहार में संगठन के पंचायत स्तर ...और पढ़ें

पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने की तैयारी
HighLights
BS4 बिहार में पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करेगा।
शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और राजनीतिक हिस्सेदारी मुख्य मुद्दे।
अनिल कुमार ने राष्ट्रीय और प्रदेश कमिटी के पदाधिकारियों का एलान किया।
डिजिटल डेस्क, पटना। पटना में बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति (BS4) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने बिहार में संगठन के विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समिति बहुजन समाज की आवाज को मजबूती से उठाएगी और संगठन का विस्तार पंचायत स्तर तक किया जाएगा।
प्रदेश और राष्ट्रीय कमिटी का गठन कर दिया गया है। संगठन शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
बहुजन समाज के अधिकारों के लिए चलेगा अभियान
अनिल कुमार ने कहा कि बहुजनों के साथ होने वाली असमानता, अत्याचार और अधिकारों के हनन के खिलाफ संगठन आवाज उठाएगा।
मतदान के अधिकार से लेकर शिक्षा और रोजगार तक के मुद्दों को लेकर पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य बिहार में जातीय भेदभाव और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करना है।
सरकार पर राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं देने का लगाया आरोप
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वर्तमान सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर बहुजन समाज को अपेक्षित राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में भी बहुजन समाज को उसके अधिकार के अनुरूप प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। अनिल कुमार ने कहा कि समिति किसी एक व्यक्ति या वर्ग की संस्था नहीं, बल्कि सामाजिक भेदभाव और अत्याचार से मुक्त बिहार की मांग करने वाले लोगों की आवाज बनेगी।
रामचंदर सिंह यादव बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए अनिल कुमार ने पूर्व विधायक रामचंदर सिंह यादव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी दी।
कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया और सुशील सिंह कुशवाहा को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रदेश कमिटी में संजय कुमार मंडल को प्रदेश अध्यक्ष और साजिद हुसैन को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता की उठाई मांग
अनिल कुमार ने सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी परियोजनाओं में जनता के पैसे की लूट हो रही है। समिति ने योजनाओं को सही तरीके से और समयबद्ध पूरा कराने के लिए आवाज उठाने की बात कही है।
पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने की तैयारी
उन्होंने कहा कि BS4 का विस्तार पूरे बिहार में पंचायत स्तर तक किया जाएगा। इसके जरिए स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे।
संगठन सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रदेशव्यापी अभियान चलाने की तैयारी में है।
आंबेडकर और फुले के विचारों को बनाया आधार
अनिल कुमार ने कहा कि संगठन का मिशन किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है। समिति बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का बिहार और भारत बनाने की दिशा में काम करेगी।
उन्होंने छत्रपति शाहूजी महाराज, सावित्रीबाई फुले, सरदार पटेल, ललई सिंह यादव और जगदेव प्रसाद के विचारों को भी संगठन के काम का आधार बताया।
नालंदा का गौरव लौटाने और रोजगार पर जोर
उन्होंने बिहार के ऐतिहासिक शैक्षणिक गौरव का जिक्र करते हुए कहा कि कभी नालंदा में दुनिया भर से लोग शिक्षा हासिल करने आते थे।
आज बड़ी संख्या में बिहार के युवा और बच्चे शिक्षा और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं। संगठन बिहार में ही शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करेगा।
संजय कुमार मंडल बने प्रदेश अध्यक्ष
बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति की नवगठित प्रदेश कमेटी में संजय कुमार मंडल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। साजिद हुसैन, बालेन्द्र दास और जीव्नेश्वर जिज्ञासु को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश महासचिव के पद पर मंजू चौहान, पवन कुमार, संतोष पाल, धनजी पाल, सुधीर कुमार, कमलेश राव समेत कई नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी भी कई नेताओं को
प्रदेश सचिव के तौर पर दीपक पटेल, रविरंजन कुमार, सलेन्द्र कुमार सुमन, रवि कुशवाहा, शिव बहादुर पटेल, रामू खरवारक्ष, अशोक चंद्रवंशी, पुन्केश कुमार राम और कंचन रवि को जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यक्रम के अंत में अनिल कुमार ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और बिहार में संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
