दूल्हे ने शादी से किया इंकार, रोती रही दुल्हन, लौट गई बारात, जानिए वजह
शादी में आर्केष्ट्रा में फरमाइशी गाना बजाने को लेकर शुरू हुए विवाद में दूल्हे का भाई घायल हो गया जिसे देखते ही दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया और बारात बगैर दुल्हन के ही लौट गई।
पटना [जेएनएन]। पटना के परसा थानाक्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात बारात आई और बारात में आर्केष्ट्रा के दौरान फरमाइशी गीत बजाने और डांस करने को ले बाराती एवं शराती पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए जिसमें दूल्हे का भाई घायल हो गया। यह देखते ही दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया और जयमाल की माला लिए दुल्हन इंतजार करती रही और बारात वापस लौट गई।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पचलख गांव में शुक्रवार को सभापति सिंह की पुत्री की शादी स्व. शिव नारायण सिंह के पुत्र छोटू कुमार के साथ होनी थी। बारात मकेर थाना क्षेत्र के फुलवरिया पंचायत के चैनपुर गांव से आई थी।
द्वार पूजा की रस्म अदायगी के बाद जनवासा पर आर्केष्ट्रा के गाने पर नाचने का दौर शुरू हुआ। इसी क्रम में फरमाइशी गाना बजाने को लेकर बाराती और गांव के युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते देखते जनवासा रण क्षेत्र में तब्दील हो गया।
इस मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार निजी क्लिनीक में कराया गया। वहीं इस घटना में दो बोलेरो, एक पिकअप वैन का शीशा को तोड़ दिया गया। साथ ही वहां खड़ी पांच बाइक को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस को देखते ही दोनों पक्ष के लोग फरार हो गए। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं की गई है। हालांकि दोनों ओर से पंचायत प्रतिनिधि व गणमान्य लोग शादी कराने के लिए दूल्हे को मनाने का प्रयास कर रहे है ।