बेगूसराय में डायरिया ने पसारे पांव, भाई-बहन की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप Begusarai News
बेगूसराय में डायरिया से शनिवार को दो बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
बेगूसराय, जेएनएन। बेगूसराय में एक बार फिर डायरिया ने पांव पसारे हैं। शनिवार को दो बच्चों की मौत हो गई है। भाई और बहन की मौत से जिले में दहशत का माहौल है। जिगर के टुकड़ों की जान जाने से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक बच्चों के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार नावकोठी थाना क्षेत्र के महेश्वरा गांव निवासी मुकेश मालिक ने शनिवार की सुबह अपने पुत्र और पुत्री को सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने रवि किशन (5) और पांच वर्षीय पुत्री को डायरिया होने की बात कही थी। अस्पताल में भर्ती होने के कुछ देर बाद दोनों बच्चों की हालत नाजुक हुई तो डॉक्टरों ने दोनों को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।
हॉस्पिटल ले जाने के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद नाराज परिजनों ने सदर अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। आक्रोशित परिवार वालों का कहना था कि डॉक्टरों ने सदर अस्पताल में इलाज न हो पाने की बात पहले बता दी होती तो बच्चों की जान बच सकती थी। दो बच्चों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।